बिहार: मोकामा में फिर अनंत सिंह का दिखा दबदबा, पत्नी नीलम देवी ने राजद के टिकट पर जीता विधानसभा उपचुनाव
By विनीत कुमार | Updated: November 6, 2022 12:20 IST2022-11-06T11:55:39+5:302022-11-06T12:20:36+5:30
बिहार में मोकामा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। यहां राजद उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी की जीत हुई है। भाजपा ने बाहुबली ललन सिंह की पत्नी को मैदान में उतारा था, जिन्हें हार का सामना करना पड़ा।

मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी की जीत (फोटो- एएनआई)
पटना: बिहार के मोकामा में हुए विधानसभा उप चुनाव में बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज कर ली है। वे राजद के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरी थीं। उन्होंने करीब 11 हजार मतों से भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी को हराया।
जीत के बाद नीलम देवी ने कहा, 'मेरी जीत पक्की थी। मैंने पहले ही कहा था कि मेरे मुकाबले में कोई और नहीं है। यह महज एक औपचारिकता थी। मोकामा परशुराम की भूमि है, यहां लोग लालच में नहीं आएंगे। विधायक जी (अनंत सिंह) ने लोगों की सेवा की है। यही अब परिणाम दे रहा है।'
Bihar | My victory was certain. I had already said there's nobody else in my contest. It was just a formality. Mokama is the land of Parshuram, people won't get lured. Vidhayak ji(Anant Singh) served people. They're giving the result now: Neelam Devi, RJD's candidate from #Mokamapic.twitter.com/BArzLzrdF5
— ANI (@ANI) November 6, 2022
नीलम देवी के पति अनंत सिंह को अयोग्य ठहराने के बाद बिहार के मोकामा में उपचुनाव कराना पड़ा। इसके लिए मतदान तीन नवंबर को कराए गए थे। भाजपा ने पहली बार इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतारा था क्योंकि इसके पहले पार्टी ने यह सीट अपने सहयोगियों को दे दी थी।
भाजपा ने नलिनी रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी को जदयू से भाजपा में शामिल कराकर टिकट दिया था। ललन सिंह की भी छवि बाहुबली नेता की रही है।
गोपालगंज में भी उपचुनाव के नतीजों का इंतजार
बिहार में मोकामा के साथ-साथ गोपालगंज विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हुए थे। इसके नतीजों का अभी इंतजार है। गोपालगंज सीट भाजपा से चार बार विधायक रहे सुभाष सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट से पार्टी ने की सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी को चुनावी मैदान में उतारा है। गोपालगंज राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी का पैतृक जिला है।
राजद ने वैश्य समुदाय से ताल्लुक रखने वाले मोहन प्रकाश गुप्ता को भाजपा के जातिगत समीकरणों को बिगाड़ने के लिए टिकट दिया है। वहीं, बसपा ने लालू प्रसाद यादव के साले साधू यादव की पत्नी इंदिरा यादव को उम्मीदवार बनाया है।