बिहार के व्यक्ति ने दो साल की बच्ची का किया उत्पीड़न, गिरफ्तार
By भाषा | Updated: November 1, 2021 16:13 IST2021-11-01T16:13:16+5:302021-11-01T16:13:16+5:30

बिहार के व्यक्ति ने दो साल की बच्ची का किया उत्पीड़न, गिरफ्तार
मंगलुरु, एक नवंबर बिहार के रहने वाले एक व्यक्ति को यहां दो साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पीड़िता और उसके माता-पिता भी बिहार के रहने वाले हैं। घटना का खुलासा सोमवार को तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्ची टंकी में डूब गई है। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बेहोश बच्ची को निकाला गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उत्पीड़न की बात सामने आई।
सूत्रों ने बताया कि बच्ची खतरे से बाहर है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बच्ची को टंकी में धकेल दिया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया गया है।
मछली काटने और उसे पैक करने के व्यवसाय में लगे बिहार के कई परिवारों के बच्चों को एक कमरे में ठहराया गया था और पीड़िता भी उसी जगह थी। सूत्रों ने बताया कि घटना के वक्त बच्ची के माता-पिता आसपास नहीं थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।