Bihar LS polls 2024: महिला मतदाताओं पर टिकी सभी दलों की निगाहें, 40 में से 32 संसदीय क्षेत्रों में बढ़ चढ़कर वोट करने का रिकॉर्ड, 2024 में टूटेगा
By एस पी सिन्हा | Updated: March 23, 2024 18:36 IST2024-03-23T18:35:05+5:302024-03-23T18:36:16+5:30
Bihar LS polls 2024: उत्तर बिहार के अधिकांश गांवों के पुरुष बड़ी संख्या में अन्य प्रदेशों में रोजगार की तलाश में चले जाते हैं।

file photo
Bihar LS polls 2024: बिहार में चुनावों के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करने में पुरुष की तुलना में महिला मतदाता ज्यादा सक्रिय रही हैं। ऐसी स्थिति में सभी राजनीतिक दलों की नजर महिला मतदाताओं पर टिकी है। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले लोकसभा चुनाव में 40 में से 32 संसदीय क्षेत्रों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं ने अधिक मतदान किया। दूसरी ओर 2014 के चुनाव में 26 ऐसी सीटें थीं, जहां महिलाओं का वोट प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा था। इस चुनाव में प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 7.64 करोड़ है।
इनमें 4 करोड़ पुरुष, 3.64 करोड़ महिलाएं और 2,290 थर्ड जेंडर हैं। उत्तर बिहार के अधिकांश गांवों के पुरुष बड़ी संख्या में अन्य प्रदेशों में रोजगार की तलाश में चले जाते हैं। इस कारण ऐसे गांवों में पुरुष मतदाता से अधिक महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करती हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले लोकसभा चुनाव में एनडीए की 39 सीटों पर जीत दर्ज करने का बड़ा कारण महिला मतदाता भी थे। ऐसे में एनडीए के नेताओं को फिर से महिला मतदाताओं से आशा है बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक ने कहा कि आधी आबादी के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए मोदी सरकार लगातार काम कर रही है।
यहां तक कि लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिलाओं को आरक्षण का बिल भी पास हुआ। ऐसे में तय है कि महिला मतदाता फिर से एनडीए के साथ होंगी। राजनीतिक दलों का मानना है कि अगर महिला मतदाता उनके पक्ष में आ जाएं तो फायदा तय है।