Bihar Lok Sabha Elections 2024: हर कोई कर रहा सलाम!, जहानाबाद में पहले किया मतदान फिर मां का अंतिम संस्कार...
By एस पी सिन्हा | Updated: June 1, 2024 14:55 IST2024-06-01T14:55:15+5:302024-06-01T14:55:59+5:30
Bihar Lok Sabha Elections 2024: देवकुली गांव में मिथिलेश यादव की वृद्ध मां मानमती देवी का आकस्मिक निधन शुक्रवार की रात्रि साढ़े ग्यारह बजे हो गया।

file photo
Bihar Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में मतदान के दौरान जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी हर कोई चर्चा कर रहा है। लोकतंत्र के प्रति आस्था के सामने अपने को खोने का गम भी कम पड़ गया। बूढ़ी मां के निधन के बाद बेटे सहित परिवार के सदस्यों ने शव घर पर ही छोड़कर पहले मतदान किया। दरअसल, देवकुली गांव में मिथिलेश यादव की वृद्ध मां मानमती देवी का आकस्मिक निधन शुक्रवार की रात्रि साढ़े ग्यारह बजे हो गया।
सूचना मिलने पर रिश्तेदार, परिचित जुटने लगे, लेकिन गमगीन माहौल के बीच परिवार के सभी सदस्यों ने लोकतंत्र के प्रति आस्था जताते हुए पहले मतदान करने का निर्णय लिया। शनिवार की सुबह बेटे सहित परिवार के सभी सदस्यों ने बूथ संख्या 151 पर जा कर पहले मतदान किया, उसके बाद बेटे ने अपनी मां के अंतिम संस्कार का विधि-विधान शुरू किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए पटना ले गए।
इस संबंध में परिजनों ने बताया कि मतदान 5 साल पर आता है और आज मतदान के दिन ही मेरे माताजी चली गई वो नहीं आएगी। इसलिए हम लोग पूरे परिवार के साथ पहले यह मन बनाया कि मतदान किया जाए। इसके बाद ही शव का दाह संस्कार किया जाए। मृतका के घर के महिला सदस्यों ने भी कहा कि लोकतंत्र का महापर्व मतदान आवश्यक है, इसलिए हम लोगों ने पहले मतदान किया।