बिहार: सीएम नीतीश कुमार के समाधान यात्रा पर नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कसा तंज, कहा-यह विदाई की यात्रा है
By एस पी सिन्हा | Updated: January 4, 2023 18:00 IST2023-01-04T17:31:09+5:302023-01-04T18:00:01+5:30
इस यात्रा पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि राज्य में आज अपराध और भ्रष्टचार चरम पर है और ऐसे में वे सबका का समाधान यात्रा करने जा रहे हैं। यही नहीं उन्होंने जनता से दूर रहने पर भी उन पर निशाना साधा है और कहा है कि इस यात्रा में वे जनता से दूरी बना रहें हैं तो फिर यह किस तरह की यात्रा है?

फोटो सोर्स: ANI
पटना:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 जनवरी से समाधान यात्रा पर निकल रहे हैं। वहीं नीतीश कुमार की इस यात्रा को नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने विदाई और व्यवधान यात्रा बताया है। उनके अनुसार, यह नीतीश कुमार की यह 13वीं यात्रा है।
ऐसे में इस पर बोलते हुए विजय सिन्हा ने कहा है कि गांधी जी के 7 पापकर्म सिद्धांत सारे सकारी भवनों में लिखा गया है, आज उसी सिद्धांत के तहत सिद्धांत विहीन राजनीति बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं। इनकी यही यात्रा बिहार से विदाई की यात्रा होने वाली है।
नीतीश कुमार करते है सिद्धांत विहीन राजनीति- विजय सिन्हा
नेता प्रतिपक्ष ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री जनता से दूरी बनाकर जनप्रतिनिधियों को अपमान कर रहे हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री के द्वारा अपने इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों को शामिल होने का निमंत्रण नहीं देना, उनके लिए आने वाले समय में नुकसानदेह साबित होगा। यही नहीं उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार सिद्धांत विहीन राजनीति करते हैं।
विजय सिन्हा के मुताबिक, एक ओर विधानसभा और सरकारी भवनों पर महात्मा गांधी के सात सिद्धांत को लिखवाते हैं तो दूसरी ओर वही नीतीश कुमार सिद्धांत विहीन राजनीति करके भ्रष्टाचारियों और जातियों उन्माद फैलाने वालों की गोद में जाकर बैठ जाते हैं।
ये समाधान यात्रा नहीं बल्कि विदाई यात्रा है- नेता प्रतिपक्ष
विजय सिन्हा ने कहा कि नीतीश कहते हैं कि वे समाधान यात्रा करने जा रहे हैं, लेकिन जनता से दूरी बनाकर वे समाधान यात्रा नहीं व्यवधान यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश ने सुशासन को कुशासन ने बदल दिया है। उनके इस काम से प्रशासनिक अराजकता फैली है।
इस पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यक्रम में निमंत्रण नहीं देना विधायिका को भी कमजोर करना है। नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, विधानसभा का अध्यक्ष रहने के दौरान भी वे कहते रहे हैं कि जनप्रतिनिधियों का अपमान ना करें और आज भी वही कह रहे हैं। ऐसे में समाधान यात्रा विदाई यात्रा में बदल जाएगी।
मामले में बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा है कि राज्य में आज अपराध और भ्रष्टचार चरम पर है और आप इन सबका का समाधान यात्रा करने जा रहे हैं और उसमें जनता से दूरी बना रहें हैं तो फिर यह किस तरह की यात्रा है?
आज से शुरू है सीएम नीतीश कुमार का समाधान यात्रा
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल से बिहार में समाधान यात्रा की शुरू करने जा रहे है। पहले चरण में समाधान यात्रा कल से शुरू होगी और 7 फरवरी तक चलेगी। समाधान यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुल 16 दिनों में 18 जिलों में जाएंगे।
नीतीश कुमार यात्रा के दौरान पटना से बाहर 9 रात भी गुजारेंगे। ऐसे में प्रदेश के 20 जिले ऐसे हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री के समाधान यात्रा से अलग रखा गया है। यात्रा के दौरान नीतीश कुमार केवल जिले के अधिकारियों के साथ आंतरिक बैठक करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।