नीतीश कुमार का नंबर 7 से खास लगाव?, योजनाओं का नाम “7 निश्चय” रखा और 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में होंगे शिफ्ट?
By एस पी सिन्हा | Updated: April 11, 2026 15:01 IST2026-04-11T15:00:56+5:302026-04-11T15:01:52+5:30
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चूकि एक अणे मार्ग आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास है तो नीतीश कुमार को इस्तीफा देने के बाद तुरंत बाद इस आवास को खाली करना होगा।

photo-lokmat
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद अब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की तैयारी में जुट गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि उन्होंने अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले ही मुख्यमंत्री आवास को खाली करने का काम शुरू कर दिया है। एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से नीतीश कुमार के सामान को 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में शिफ्ट किया जाने लगा है। अब 7 सर्कुलर रोड ही नीतीश कुमार का नया ठिकाना होगा।
मुख्यमंत्री आवास से नीतीश कुमार के सामान को ट्रैक्टर और ठेला के जरिए वहां पहुंचाया जा रहा है। 1 अणे मार्ग से धीरे-धीरे फर्नीचर व अन्य जरूरी चीजें 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट की जा रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चूकि एक अणे मार्ग आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास है तो नीतीश कुमार को इस्तीफा देने के बाद तुरंत बाद इस आवास को खाली करना होगा।
बता दें कि 2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार मुख्यमंत्री बने हुए हैं। हालांकि 2014 में 6 महीने के लिए नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था और तब भी वो 7 सर्कुलर रोड में ही रहे थे। वहीं अब 19 साल बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ठिकाना बदल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब एक बार फिर 7 सर्कुलर रोड रहेंगे।
बता दें कि 7 सर्कुलर रोड का इस्तेमाल सिर्फ मुख्यमंत्री कार्यालय के तौर पर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद की देखरेख में ही बंगले में बदलाव करवाया है। 2014 में लोकसभा चुनाव में जब हार हुई थी, तब उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था। उस वक्त जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया गया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड में रह रहे थे। लेकिन एक बार फिर वे मुख्यमंत्री बने और 1 अणे मार्ग में शिफ्ट हुए। उल्लेखनीय है कि 7 सर्कुलर रोड पटना के वीआईपी और हाई सिक्योरिटी जोन में आता है। यहां चारों तरफ ऊंची दीवारें हैं और एंट्री गेट पर सुरक्षाकर्मी मौजूद होते हैं। हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, पुलिस और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती है।
आवास में आने वाले लोगों के लिए अलग चेकिंग गेट हैं। नीतीश कुमार जैसे वरिष्ठ नेता के लिए सुरक्षा कड़ी रखी जाएगी। परिसर का हर कोना निगरानी में रहेगा। इसके साथ ही यह बंगला बड़ा और शानदार है। मुख्य भवन के सामने और पीछे लॉन फैला हुआ है। लॉन के बीच तालाब जैसा स्थान है, जहां छठ पूजा के समय अर्घ्य दिया जाता है।
बंगले के चारों ओर पेड़-पौधे और हरियाली से घिरा शांत वातावरण है। अलग गार्डन और वॉकिंग एरिया भी मौजूद है। नीतीश कुमार को सादगी और हरियाली पसंद है। इसलिए यह परिसर उनके जीवन शैली के अनुरूप है। दरअसल, पटना का 1 अणे मार्ग बिहार की सत्ता का सेंटर प्वाइंट माना जाता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगभग 20 सालों तक यही रहकर सत्ता चलाए।
लेकिन अब उनका ठिकाना बदलने वाला है। गौर करने वाली बात यह है कि सीएम नीतीश कुमार अब लालू यादव के पड़ोसी बन जायेंगे। राबड़ी आवास और 7 सर्कुलर रोड के बीच लगभग 200 मीटर की दूरी है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जबकि 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार के गठन की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले चुके हैं। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद जो नए मुख्यमंत्री होंगे वो 1 अणे मार्ग में शिफ्ट होंगे। बताया जाता है कि नीतीश कुमार का नंबर 7 से खास लगाव रहा है, चाहे वह उनकी राजनीतिक शुरुआत हो या योजनाओं का नाम “7 निश्चय” रखना।



