Bihar India-Block: सिर्फ लोकसभा चुनाव तक इंडिया गठबंधन?, तेजस्वी यादव ने राहुल गांधी को दिया झटका, कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में सीट के लिए तरसाएंगे!
By एस पी सिन्हा | Updated: January 8, 2025 19:31 IST2025-01-08T19:30:39+5:302025-01-08T19:31:42+5:30
Bihar India-Block: तेजस्वी यादव से जब मीडियाकर्मियों ने पूछा कि क्या राजद भी दिल्ली चुनाव में उतरेगी? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि अभी हमने तय नहीं किया है कि दिल्ली चुनाव में उतरेंगे कि नहीं।

file photo
Bihar India-Block: लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन खंड-खंड होने लगा है। ऐसा राजद नेता तेजस्वी यादव के ने कहा है। पटना में बुधवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक के लिए था। दरअसल, मीडियाकर्मियों ने उनसे पूछा था कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तकरार बढ़ती जा रही है, दोनों दल इंडिया गठबंधन में शामिल है। इसके जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक के लिए था। ऐसे में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में तकरार होना अस्वाभाविक बात नहीं है।
तेजस्वी यादव से जब मीडियाकर्मियों ने पूछा कि क्या राजद भी दिल्ली चुनाव में उतरेगी? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि अभी हमने तय नहीं किया है कि दिल्ली चुनाव में उतरेंगे कि नहीं। तेजस्वी यादव ने बिहार के सत्ताधारी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम लोग गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र बांटते थे। लोगों के चेहरों पर खुशी होती थी। परिवार के लोगों में खुशी होती थी।
आज उसी गांधी मैदान में लाठीचार्ज हो रहा है। लोगों की आंखों में आंसू हैं, सिर फटा है, अस्पताल में भर्ती हैं, मुकदमा झेल रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी सरकार में कभी भी पेपर लीक नहीं हुआ, हमारी सरकार हटने के बाद ही ऐसा हो रहा है। मैट्रिक परीक्षा से लेकर बीपीएससी की परीक्षा तक पेपर लीक हो रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।
महागठबंधन की सरकार में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आज शिक्षक समान काम समान वेतन की मांग कर रहे थे तो डंडा खा रहे थे। उनको हमने राज्य कर्मी का दर्जा दिया। सरकार को पता नहीं था कि आईटी पॉलिसी होती है? यह सब हमने शुरू कराया और स्पोर्ट्स के तहत हमने नौकरी दी।
अब लोगों को पता चला पढ़ाई के साथ खेल भी बिहार में जरूरी है। उल्लेखनीय है कि बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव है। राजद और कांग्रेस यहां साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली है। कुछ दिन पहले बिहार कांग्रेस प्रभारी ने कहा था कि हम 70 से कम सीटों पर नहीं लड़ेंगे और चुनाव जीतने पर हमारी पार्टी के दो नेता उपमुख्यमंत्री बनेंगे।
कांग्रेस प्रभारी का यह बयान दबाव की राजनीति का हिस्सा था। इसके बाद लालू यादव ने कह दिया था कि अब इंडिया गठबंधन का नेतृत्व ममता बनर्जी को करना चाहिए। यह बयान कांग्रेस को बिल्कुल पसंद नहीं आया था। अब तेजस्वी यादव ने इंडिया गठबंधन पर जिस तरह का बयान दिया है उसे देखकर लग रहा है कि वो बिहार में सीट बंटवारे के समय किसी भी दबाव की राजनीति को हावी नहीं होने देंगे।