Bihar Election 2025: नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा 2025 विधानसभा चुनाव?, सांसद संजय झा ने कहा-एनडीए में नेतृत्व मुद्दे पर तनातनी नहीं
By एस पी सिन्हा | Updated: December 21, 2024 15:16 IST2024-12-21T15:14:58+5:302024-12-21T15:16:05+5:30
Bihar Election 2025: बिहार बिजनेस कनेक्ट 2024 में 1.80 लाख से ज्यादा के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर होने पर संजय झा ने ख़ुशी जताते हुए कहा कि बिल्कुल यह बदलते बिहार की तस्वीर है।

file photo
पटनाः जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि साल 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने एनडीए में नेतृत्व में मुद्दे पर किसी प्रकार की तनातनी को सिरे से ख़ारिज कर दिया। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत खराब होने पर विपक्ष के कुछ नेताओं की आई टिप्पणियों पर संजय झा ने कहा कि वे लोग स्तरहीन हो चुके हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अचानक से तबीयत खराब हो जाने के कारण 20 दिसम्बर के उनके सारे कार्यक्रम रद्द करने पड़े थे। इसे लेकर विपक्ष के कुछ नेताओं ने टीका-टिप्पणी की थी।
उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा पर राजद नेताओं द्वारा सवाल उठाने पर संजय झा ने कहा कि सत्ता में रहते हुए ये लोग (राजद) कभी भी कहीं यात्रा करने नहीं जाते थे। वहीं नीतीश कुमार पूरे बिहार में 20 साल से घूम रहे हैं। यात्रा कर रहे हैं। उनके बारे में कौन क्या बोल सकता है? इन सब बातों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
बिहार की जनता सब देख रही है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह पर डॉ भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का कांग्रेस सहित अन्य दलों द्वारा लगाए गए आरोप पर संजय झा ने कहा कि कांग्रेस ने ही हमेशा उनका अपमान किया है। अमित शाह ने कोई गलत बात नहीं कही। शाह ने जो बयान दिया उस समय मैं भी सदन में मौजूद था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज तक आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। उनको भारत रत्न कब मिला यह कांग्रेस बताए। वहीं, आंबेडकर के मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल द्वारा केंद्र सरकार को समर्थन वापसी के लिए नीतीश कुमार को पत्र लिखे जाने पर उन्होंने कहा कि जदयू ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इन पत्रों का कोई मतलब नहीं है। हम एनडीए के साथ हैं।
अरविंद केजरीवाल की भावना क्या है यह वही बताए। अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा जिन्होंने कोरोना के समय में बिहार के लोगों को बॉर्डर पर छोड़ दिया और नीतीश कुमार ने एक-एक व्यक्ति को घर पहुंचने का काम किया। वह अरविंद केजरीवाल बिहार के लिये क्या बोलेंगे?
बिहार बिजनेस कनेक्ट 2024 में 1.80 लाख से ज्यादा के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर होने पर संजय झा ने ख़ुशी जताते हुए कहा कि बिल्कुल यह बदलते बिहार की तस्वीर है। आने वाले 5 साल में बिहार कहां से कहां पहुंचेगा यह देख लीजिएगा। उन्होंने बिहार को निवेशकों का सबसे पसंदीदा गंतव्य बताया।