बिहार चुनावः राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में तेजस्वी यादव 6000 वोटों से आगे, भाजपा के सतीश कुमार दे रहे टक्कर
By सतीश कुमार सिंह | Updated: November 10, 2020 15:57 IST2020-11-10T15:56:51+5:302020-11-10T15:57:55+5:30
तेजस्वी को अभी तक 30868 वोट मिले और भाजपा के सतीश कुमार को 24051 वोट प्राप्त हुए। लोजपा के राकेश रोशन मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं।

तेजस्वी राजद, जद(यू) और कांग्रेस के गठबंधन की ओर से उम्मीदवार थे, जबकि भाजपा चुनावी मैदान में अकेले उतरी थी।
हाजीपुरः राघोपुर विधानसभा क्षेत्र पर सबकी नजर है। यहां पर महागठबंधन के सीएम प्रत्याशी तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में है। राजद नेता ने 6000 से अधिक वोटों की बढ़त बना ली है।
तेजस्वी को अभी तक 30868 वोट मिले और भाजपा के सतीश कुमार को 24051 वोट प्राप्त हुए। लोजपा के राकेश रोशन मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। तेजस्वी यादव (31) 2015 में भी इस सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे और जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में उपमुख्यमंत्री बने थे। उस समय तेजस्वी नीतीश कुमार को ‘चाचा’ कहकर संबोधित किया करते थे, लेकिन नीतीश की पार्टी के साथ उनका गठबंधन 2017 में टूट गया और अब तेजस्वी मुख्यमंत्री पद के लिए अपने ‘चाचा’ को चुनौती दे रहे हैं।
महागठबंधन ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है, लेकिन मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर वास्तव में बैठ पाना इस बात पर निर्भर करेगा कि तेजस्वी अपनी सीट से चुनाव जीतते हैं या नहीं। राजद, कांग्रेस और वाम दल महागठबंधन का हिस्सा हैं। राघोपुर सीट यादव बहुल क्षेत्र है, जिससे लालू प्रसाद ने 1995, 2000 और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने 2005 में चुनाव जीता था। भाजपा के सतीश कुमार ने 2010 विधानसभा चुनाव में राबड़ी देवी को शिकस्त दी थी, लेकिन वह 2015 में तेजस्वी के हाथों हार गए थे। उस समय तेजस्वी राजद, जद(यू) और कांग्रेस के गठबंधन की ओर से उम्मीदवार थे, जबकि भाजपा चुनावी मैदान में अकेले उतरी थी।
इस बार समीकरण बदल गए हैं। जद (यू) के पास भाजपा का समर्थन है और राजद ने कांग्रेस और वाम दलों के साथ गठबंधन किया है। राघोपुर सीट से इस बार 12 उम्मीदवार चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए राकेश रोशन को इस सीट से मैदान में उतारा है।