बिहार की स्थापना के 114वें गौरवशाली वर्ष में मनाया जा रहा है बिहार दिवस, सीएम नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
By एस पी सिन्हा | Updated: March 22, 2026 19:06 IST2026-03-22T19:06:38+5:302026-03-22T19:06:38+5:30
उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री और प्रशासनिक जगत के कई दिग्गज अधिकारी मौजूद रहे।

बिहार की स्थापना के 114वें गौरवशाली वर्ष में मनाया जा रहा है बिहार दिवस, सीएम नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
पटना:बिहार की स्थापना के 114वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 'बिहार दिवस 2026' का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय राजकीय समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इस वर्ष का यह आयोजन विशेष महत्व रखता है क्योंकि राज्य सरकार ने इसे 'उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार' की थीम पर बेहद भव्य तरीके से आयोजित किया है, जिसमें बिहार की प्रगति और समृद्ध विरासत की झलक साफ दिखाई दे रही है। उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री और प्रशासनिक जगत के कई दिग्गज अधिकारी मौजूद रहे।
22 मार्च से शुरू होकर अगले तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में कार्यक्रमों की एक लंबी श्रृंखला तैयार की गई है। गांधी मैदान में अलग-अलग विभागों द्वारा भव्य प्रदर्शनियां लगाई गई हैं, जहां बिहार के हस्तशिल्प, कृषि क्षेत्र की नई तकनीक और औद्योगिक विकास के मॉडलों को प्रदर्शित किया गया है। दर्शकों के लिए विशेष रूप से सांस्कृतिक दीर्घाएं बनाई गई हैं, जो राज्य के विभिन्न जिलों की लोक कलाओं और खान-पान की विविधता को जीवंत कर रही हैं।
समारोह के मुख्य आकर्षणों में शाम को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं, जिनमें देश-दुनिया के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय लोक गायकों से लेकर बॉलीवुड के पार्श्व गायकों तक की महफिलें अगले तीन दिनों तक गांधी मैदान की रौनक बढ़ाएंगी। सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजामों के बीच, पटना के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों से भी भारी संख्या में लोग इस उत्सव का हिस्सा बनने पहुंच रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पुख्ता तैयारियां की गई हैं।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मौके पर कहा कि 'बिहार दिवस' के माध्यम से युवाओं को राज्य के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। 24 मार्च तक चलने वाले इस समारोह का समापन एक विशेष सांस्कृतिक संध्या और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, बिहार दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए बिहार की महानता को नमन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में बिहार को विश्व के प्रथम गणराज्य की भूमि बताते हुए इसे लोकतंत्र की जननी के रूप में सम्मान दिया। उन्होंने लिखा कि इस धरती ने महान साम्राज्यों और सांस्कृतिक-आध्यात्मिक धाराओं को जन्म देकर भारत-भूमि को सदैव समृद्ध किया है। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि राज्य के निवासी अपनी असीम प्रतिभा और परिश्रम से बिहार और पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक गौरव को देश का मार्गदर्शक बताया। उन्होंने बड़े ही भावनात्मक शब्दों में लिखा कि बिहार वह प्रदेश है जिसने भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान की है। पीएम ने बिहार के लोगों को ‘कर्मठ और ऊर्जावान’ बताते हुए भरोसा जताया कि ‘विकसित बिहार’ ही ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करेगा। जबकि गृह मंत्री अमित शाह का संदेश में बिहार को ‘सामाजिक न्याय और बौद्धिक चेतना’ की भूमि बताकर राज्य की रग-रग में बसी राजनीति को छूने की कोशिश की है।
नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बिहार के गौरवशाली अतीत को राष्ट्रीय पहचान से जोड़ा। ‘सामाजिक न्याय’ शब्द का इस्तेमाल कर शाह ने बिहार की उन वैचारिक जड़ों को सम्मान दिया है, जो राज्य के राजनीतिक समीकरणों में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बिहार दिवस पर इस बार सिर्फ बधाई नहीं,आम लोगों के लिए ये शब्द जहां गर्व की बात हैं.
इसबीच प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राज्य की विरासत, संस्कृति और विकास प्रयासों की सराहना बिहारवासियों के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि वे प्रधानमंत्री को पूरे राज्य की ओर से धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को निरंतर समर्थन मिल रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है. मुख्यमंत्री के अनुसार, आने वाले समय में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा और राष्ट्रीय विकास में योगदान देगा।