कांग्रेस को क्षेत्रीय दल के बगैर सत्ता संभव नहीं, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने कहा- भाजपा के साथ रहने पर आप पर कितना भी दाग लगा होगा, वॉशिंग मशीन के अंदर साफ हो जाएगा
By एस पी सिन्हा | Updated: February 18, 2023 17:11 IST2023-02-18T17:10:34+5:302023-02-18T17:11:26+5:30
बिहारः उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कांग्रेस को बड़ी नसीहत दे दी। भाजपा के खिलाफ सभी दल एकजुट हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की तरफ से विपक्षी एकजुटता को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है।

तेजस्वी ने कहा कि विपक्षी एकजुटता के लिए कांग्रेस को अब देर नहीं करनी चाहिए।
पटनाः बिहार की राजधानी पटना में भाकपा- माले के तीन दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन के दौरान विपक्षी पार्टियों का जुटान हुआ। इस अधिवेशन में वाम दलों के साथ साथ महागठबंधन के सभी दलों के नेता शामिल हुए। अधिवेशन के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ साथ कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए।
मंच से अधिवेशन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कांग्रेस को बड़ी नसीहत दे दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ सभी दल एकजुट हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की तरफ से विपक्षी एकजुटता को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है।
No matter how much stain you have, if you are with BJP, it will be cleaned inside the washing machine. All of you are fighting to save the Constitution of the country, so we thank all of you: Bihar Deputy CM Tejashwi Yadav
— ANI (@ANI) February 18, 2023
अधिवेशन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता से भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए सभी विपक्षी दल एकजुटता को तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस की तरफ से विपक्षी एकजुटता को लेकर ठोस पहल नहीं की जा रही है। तेजस्वी ने कांग्रेस से एकजुटता के लिए पहल करने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस का जहां सीधा मुकाबला भाजपा के साथ है।
वहां वह टक्कर ले, लेकिन जिन जगहों पर दूसरे दल भाजपा को टक्कर देने वाले हैं, वहां रीजनल पार्टियों को ड्राइविंग सीट पर आने दे। तेजस्वी ने कहा कि विपक्षी एकजुटता के लिए कांग्रेस को अब देर नहीं करनी चाहिए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा के साथ रहने पर आप पर कितना भी दाग लगा होगा, वॉशिंग मशीन के अंदर साफ कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज देश में माहौल और हालात ऐसे हैं कि भाजपा के खिलाफ बोलोगे तो छापा पड़ेंगे, चरित्र हनन होगा या जेल भेज दिया जाएगा। भाजपा के साथ रहे तो हरिश्चंद्र कहलाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर, मस्जिद, गाय की चर्चा करती रहती। नफरत की राजनीति फैलाने वाले लोग यह जान लें कि देश किसी के बाप का नहीं, जो मुसलमानों से वोटिंग का अधिकार छीन ले।
भाजपा और आरएसएस मनुस्मृति और गोलवलकर की थ्योरी को संविधान बनाना चाहती, लेकिन देश की जनता इसे कभी पूरा नहीं होने देगी। सम्मेलन में मौजूद देश के अलग अलग राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी देश के संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसलिए हम आप सभी का धन्यवाद करते हैं।