सीएम नीतीश कुमार अपने दम पर विधायक का चुनाव भी नहीं जीत सकते, भाजपा ने कहा- 'राजनीतिक परजीवी' हैं...
By एस पी सिन्हा | Updated: October 12, 2022 19:02 IST2022-10-12T19:01:17+5:302022-10-12T19:02:10+5:30
बिहार भाजपा के प्रवक्ता डॉ. निखिल आनंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह लोकसभा चुनाव में जीत के लिए भी तब बाहुबलियों का सहयोग लिया करते थे।

भाजपा प्रवक्ता ने नीतीश कुमार को पुरानी तस्वीरों के माध्यम से करारा जवाब दिया है।
पटनाः भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को परजीवी करार दिया है। दरअसल, नीतीश कुमार आठवीं दफे बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। लेकिन हरबार वह किसी ना किसी के सहारे मुख्यमंत्री बने हैं। यही वजह है कि भाजपा ने नीतीश कुमार को राजनीति परजीवी करार दिया।
भाजपा का दावा है कि नीतीश कुमार अपने दम पर विधायक का चुनाव भी नहीं जीत सकते। बिहार भाजपा के प्रवक्ता डॉ. निखिल आनंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह लोकसभा चुनाव में जीत के लिए भी तब बाहुबलियों का सहयोग लिया करते थे।
भाजपा प्रवक्ता ने बाहुबली अनंत सिंह के साथ नीतीश कुमार की दो तस्वीर को साझा किया है। साथ ही नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा है कि "आजीवन कन्हइयां-पिठइयां चढ़ने वाले 'राजनीतिक परजीवी' भी पीएम से पूछते हैं, आप क्या थे? अपने बूते कभी सरकार बनाया? खुद 1977-1980 में हारे! डर से विधानसभा चुनाव नहीं लड़ते!
किनके सहयोग से लोकसभा जाते रहे? यही चित्र आपकी छद्मवेशी- फ्रॉड राजनीति की हकीकत है। जदयू राजनीतिक गिरोह है। भाजपा प्रवक्ता ने नीतीश कुमार को पुरानी तस्वीरों के माध्यम से करारा जवाब दिया है। निखिल आनंद ने कहा है कि जो राजनीतिक परजीवी है वो भी प्रधानमंत्री से पूछ रहे कि आप क्या थे? इससे बड़ी बात क्या हो सकती है।