Bihar Chunav 2025 Update: 9 अक्टूबर को प्रत्याशी घोषित करेंगे प्रशांत किशोर, 243 सीट पर लड़ेंगे चुनाव, किसी से गठबंधन नहीं
By एस पी सिन्हा | Updated: October 3, 2025 16:37 IST2025-10-03T16:37:02+5:302025-10-03T16:37:52+5:30
Bihar Chunav 2025 Live Update: एनडीए खेमे में भाजपा, जदयू, लोजपा(रा) और हम है। वहीं महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल, वीआईपी, झामुमो और रालोजपा शामिल है।

photo-lokmat
पटनाः प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव लेकर 9 अक्टूबर को अपने पहले चरण के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करेगी। बता दें कि जन सुराज बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने जा रही है। जिसको लेकर पार्टी अलग-अलग चरणों में अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी। पहली सूची में कितने नाम होंगे, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने बीते 3 सितंबर को कहा था कि नवरात्र के आसपास पार्टी के सभी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया जाएगा।
हालांकि, नवरात्रि और दशहरा का पर्व खत्म होने के बाद पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची घोषित करने की तारीख बताई है। इस घोषणा से यह भी स्पष्ट हो गया है कि जन सुराज एक बार में सभी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं करेगी। बल्कि अलग-अलग चरणों में सूची निकालकर उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर खुद विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं? अगर लड़ेंगे तो किस सीट से वे मैदान में उतरेंगे? इस पर अभी संशय बना हुआ है। अगर पीके चुनाव लड़ते हैं तो पहली उम्मीदवारी सूची में उनके नाम का भी ऐलान हो सकता है।
प्रशांत किशोर पूर्व में कह चुके हैं कि अगर पार्टी कहेगी तो वह चुनाव जरूर लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि बिहार में 6 अक्टूबर के बाद किसी भी समय विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। पीके की पार्टी अकेले सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारकर सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन को चुनौती देने जा रही है।
इस वक्त बिहार की राजनीति में मुख्य रूप से एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला है। एनडीए खेमे में भाजपा, जदयू, लोजपा(रा) और हम है। वहीं महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल, वीआईपी, झामुमो और रालोजपा शामिल है।