बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकबार फिर बने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, चौथी बार संभालेंगे कमान
By एस पी सिन्हा | Updated: March 24, 2026 15:38 IST2026-03-24T15:38:21+5:302026-03-24T15:38:21+5:30
यह चौथी बार है जब नीतीश कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की कमान संभाली है। इससे पहले वे पहली बार वर्ष 2016 में अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 2018 में दोबारा इस पद पर आसीन हुए।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकबार फिर बने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, चौथी बार संभालेंगे कमान
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकबार फिर से जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। पार्टी की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नामांकन वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद उनके अलावा कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं रहा, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। यह चौथी बार है जब नीतीश कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की कमान संभाली है। इससे पहले वे पहली बार वर्ष 2016 में अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 2018 में दोबारा इस पद पर आसीन हुए।
वर्ष 2020 में पार्टी ने आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था, लेकिन 2021 में उन्हें हटाकर राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बाद में 2023 में एक बार फिर संगठनात्मक बदलाव के तहत नीतीश कुमार ने तीसरी बार अध्यक्ष पद संभाला और अब वे चौथी बार इस पद पर काबिज हुए हैं। नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार की राजनीति के केंद्रीय चेहरा रहे हैं। वे वर्ष 2005 से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं और राज्य की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
हाल ही में वे राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए हैं, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भूमिका और मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनके नेतृत्व में जदयू संगठन को और मजबूती देने तथा आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और उन्हें बधाई दी। नीतीश कुमार के दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे संगठनात्मक स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।