बिहार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी की तुलना ओसामा बिन लादेन की
By एस पी सिन्हा | Published: June 10, 2023 03:13 PM2023-06-10T15:13:47+5:302023-06-10T15:16:58+5:30
एक कार्यक्रम के तहत अररिया पहुंचे सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि ओसामा बिन लादेन की तरह दाढ़ी बढ़ाकर घूमने से वे पीएम नहीं बन जाएंगे।

बिहार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी की तुलना ओसामा बिन लादेन की
पटना: बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के एक विवादित बयान से प्रदेश की सियासत में उबाल है। सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना आतंकी ओसामा बिन लादेन से कर दी है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम के तहत अररिया पहुंचे सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि ओसामा बिन लादेन की तरह दाढ़ी बढ़ाकर घूमने से वे पीएम नहीं बन जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राजनीति में राहुल गांधी अभी 50 साल के बच्चे की तरह हैं। सम्राट चौधरी यहीं नहीं रूके और उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर भी विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आजकल दाढ़ी बढ़ाकर ओसामा बिन लादेन बने हुए हैं और नरेन्द्र मोदी की तरह देश के प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं।
सम्राट चौधरी यहीं नहीं रूके और कहा कि जो शख्स 50 साल का हो और उन्हें राजनीतिक बुद्धि न हो तो बच्चे से अधिक क्या कह सकते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी मानसिक स्थिति खराब है। उनका हाल 'गजनी' मूवी के आमिर खान के किरदार जैसा हो गया है। पीएम के सपने ने उन्हें परेशान कर रखा है और उन्हें भूलने की बीमारी हो गई है।
सम्राट चौधरी ने लव जिहाद का भी मुद्दा उठाया और कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार बनने पर लव जिहादियों की पहचान होगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही बांग्लादेशी घुसपैठियों को भी बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। हिन्दुस्तान में रहकर पाकिस्तान का गुणगान करने वालों की भी खैर नहीं होगी।
वहीं, सम्राट चौधरी के बयान पर जदयू ने प्रतिक्रिया दी है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि ये भाजपा का अंदरुनी मामला है। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि जदयू के बगैर भाजपा कभी सत्ता में नहीं आई है। जदयू प्रवक्ता ने यह भी कहा कि भाजपा को अच्छे से पता है कि वे समाजवादियों के कारण ही सत्ता का स्वाद चख पाए हैं। भाजपा का विपक्ष में रहकर चौकीदारी में ही वक्त गुजरेगा।
वहीं, राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने भाजपा से सवाल पूछते हुए कहा कि इस देश में तो करोड़ों लोग दाढ़ी रखते हैं। कई संत-महात्मा रखते हैं। सब ओसामा बिन लादेन हो गए? राजद नेता ने कहा कि सम्राट चौधरी का कंपटीशन गिरिराज सिंह से चल रहा है, जो महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे को देश का सपूत बताते हैं।