बिहार विधानसभा सत्र के दौरान टूटकर गिरा छत, बाल-बाल बचे विधानसभा अध्यक्ष, लाखों रुपए खर्च कर कराया गया था रिनोवेशन
By एस पी सिन्हा | Updated: February 6, 2026 16:10 IST2026-02-06T16:09:25+5:302026-02-06T16:10:42+5:30
विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार और भवन निर्माण एजेंसी पर निशाना साधते हुए जांच की मांग की है। राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने विधानसभा भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाया।

file photo
पटनाः बिहार विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन शुक्रवार सदन की कार्यवाही के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। हालांकि इस घटना में किसी को हानि नहीं पहुंची। दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सदन की कार्यवाही के लिए अंदर जा रहे थे तभी भवन की छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि वो इसकी चपेट में नहीं आए। बता दें कि बजट सत्र से पहले विधानसभा भवन का रिनोवेशन किया गया था, इसके लिए लाखों रुपए भी खर्च किए गए थे। फिर भी छत का हिस्सा टूटकर गिर गया। घटना के बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। छत का हिस्सा गिरने के बाद कुछ देर के लिए उस मार्ग को बंद कर दिया गया और अन्य सदस्यों की आवाजाही रोक दी गई।
बताया जाता है कि बजट सत्र से पहले विधानसभा भवन में मरम्मत, रंग-रोगन और सजावट का काम कराया गया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संभावित आगमन को देखते हुए परिसर को सजाने और संवारने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। इसके लिए टेंडर भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद मुख्य इमारत का हिस्सा गिरने की घटना ने निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल इस घटना के बाद भवन की स्थिति और हाल ही में कराए गए कार्यों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार और भवन निर्माण एजेंसी पर निशाना साधते हुए जांच की मांग की है। राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने विधानसभा भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाया।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत करते हुए बताया कि सुबह कई विधायक पोर्टिको में खड़े थे, तभी ऊपर से छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। उन्होंने कहा कि मलबा गिरने से कई विधायक बाल-बाल बच गए।