बिहार विधानसभा चुनाव 2025ः जदयू कार्यालय में पीएम मोदी और भाजपा ऑफिस में नीतीश कुमार की झलक, एनडीए में एकजुटता
By एस पी सिन्हा | Updated: July 3, 2025 17:09 IST2025-07-03T17:07:52+5:302025-07-03T17:09:34+5:30
Bihar Assembly Elections 2025: एनडीए में शामिल दलों ने लोकसभा चुनाव 2024 में जदयू ने 17, भाजपा ने 16, लोजपा ने 5 और हम-आरएलएम ने 1-1 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

photo-lokmat
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए का चेहरा बिहार में कौन होगा यह तय हो गया है, क्योंकि भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पीएम मोदी का पोस्टर लग गया है। ऐसे में अब यह तय हो गया है कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर एनडीए बिहार में चुनाव लड़ेगी। बता दें कि कुछ दिन पहले जदयू के प्रदेश कार्यालय में लगे पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पीएम मोदी की तस्वीर सामने आई थी। इसके बाद अब भाजपा कार्यालय में भी पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। एनडीए के दोनों प्रमुख दलों ने इन पोस्टर के जरिए विरोधियों को बड़ा मैसेज दे दिया है।
दरअसल, बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने अपनी एकजुटता का संदेश देने के लिए ये एक बड़ा कदम उठाया है। जदयू कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त पोस्टर लगाए जाने के बाद अब भाजपा के प्रदेश कार्यालय में लगाए गए बैनरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जगह मिली है।
पोस्टरों में 'सोच दमदार, काम असरदार, फिर एक बार एनडीए सरकार' जैसे नारे लिखे हुए हैं। यह गठबंधन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट रणनीति का स्पष्ट संकेत देती है। माना जा रहा है कि यह कदम एनडीए घटक दलों के बीच समन्वय और मतदाताओं को सकारात्मक संदेश देने की एक रणनीति है।
पोस्टरों के ज़रिए यह संदेश देने की कोशिश हो रही है कि भाजपा और जदयू फिर से मिलकर बिहार की सत्ता में वापसी के लिए तैयार हैं। बिहार एनडीए में भाजपा और जदयू के अलावा चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास), जीतन राम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।
जल्द ही एनडीए में सीटों का बंटवारा हो जाएगा। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में पुराने समीकरण के आधार पर सीटों का बंटवारा हो सकता है। वहीं, जदयू प्रदेश कार्यालय में ऐसा पहली बार देखा गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी तस्वीर लगाई गई।
बता दें कि एनडीए में शामिल दलों ने लोकसभा चुनाव 2024 में जदयू ने 17, भाजपा ने 16, लोजपा ने 5 और हम-आरएलएम ने 1-1 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अब इसी आधार पर माना जा रहा है कि एनडीए में सीट बंटवारा भी विधानसभा चुनाव के लिए हो सकता है।