BIHAR Arif Mohammad Khan: मुंगेर, पूर्णिया, नालंदा ओपन विवि और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्त?, एक्शन में नए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान
By एस पी सिन्हा | Updated: January 9, 2025 17:32 IST2025-01-09T17:31:23+5:302025-01-09T17:32:13+5:30
BIHAR Arif Mohammad Khan: प्रो. संजय कुमार मुंगेर विश्वविद्यालय के, प्रो. विवेकानंद सिंह पूर्णिया विश्वविद्यालय के, प्रो. रविंद्र कुमार नालंदा खुला विश्वविद्यालय के और डॉक्टर इंद्रजीत सिंह बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति बनाए गए हैं।

photo-lokmat
पटनाः बिहार में राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालते ही आरिफ मोहम्मद खान ने विश्वविद्यालयों की व्यवस्था में सुधार को लेकर कार्य करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने चार प्रमुख विश्वविद्यालयों में नए कुलपति की नियुक्ति कर दी है। इनमें मुंगेर, पूर्णिया, नालंदा खुला विश्वविद्यालय और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय शामिल हैं। इसको लेकर आज अहले सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति मिलने के बाद इन नामों का ऐलान कर दिया गया। राजभवन से जारी आदेश में बताया गया है कि प्रो. संजय कुमार मुंगेर विश्वविद्यालय के, प्रो. विवेकानंद सिंह पूर्णिया विश्वविद्यालय के, प्रो. रविंद्र कुमार नालंदा खुला विश्वविद्यालय के और डॉक्टर इंद्रजीत सिंह बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति बनाए गए हैं।
इन कुलपतियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्व राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के समय जून 2024 में ही शुरू हो गई थी। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार की सुबह राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलने राजभवन पहुंचे थे। कयासों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने क्यों गए हैं।
इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई थी। लेकिन गुरुवार दोपहर राजभवन से जारी आदेश में बताया गया कि बिहार के चार विश्वविद्यालय के कुलपति बदल दिए गए हैं। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से पहली मुलाकात थी। बिहार का राज्यपाल बनने के बाद आरिफ मोहम्मद खान का यह पहला बड़ा फैसला है।