बिहारः अवैध पटाखा फैक्टरी में भारी विस्फोट, 10 लोगों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती, पीएम ने जताया दुख
By अनिल शर्मा | Updated: March 4, 2022 13:15 IST2022-03-04T09:38:16+5:302022-03-04T13:15:34+5:30
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया, "इस घटना से 2-3 घरों को नुकसान हुआ है। विस्फोट होने से 10 की मौत और कई लोग घायल हुए।

बिहारः अवैध पटाखा फैक्टरी में भारी विस्फोट, 10 लोगों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती, पीएम ने जताया दुख
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बिहार के भागलपुर जिले में एक मकान के अंदर हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि इस मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने का कारोबार चल रहा था। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भागलपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया, जिस घर में धमाका हुआ उस घर में पटाखे बनाने का काम था।
भागलपुर के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि यह विस्फोट कस्बे के काजबलीचक इलाके में महेंद्र मंडल नामक एक व्यक्ति के घर के भीतर शुक्रवार को सुबह हुआ। डीएम के मुताबिक, विस्फोट के प्रभाव से महेंद्र मंडल के घर के अलावा आसपास की दो इमारतें भी मलबे में तब्दील हो गईं। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। मलबा हटाने के लिए अत्याधुनिक मशीनों को मंगवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही हैं। सुब्रत कुमार सेन के मुताबिक, घटनास्थल से अब तक कुल 10 लोगों के शवों को बरामद किया गया है, जिनकी पहचान अब तक नहीं की जा सकी है। विस्फोट में घायल नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएम ने बताया कि मंडल पहले भी पटाखों के अवैध निर्माण में शामिल रहा है, और 2008 में उसके घर में इसी तरह के एक विस्फोट में उसकी पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी।
बिहार: भागलपुर ज़िले के तातारपुर पुलिस थाना क्षेत्र में विस्फोट होने से 7 की मौत और कई लोग घायल हुए।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 4, 2022
ज़िलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया, "इस घटना से 2-3 घरों को नुकसान हुआ है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि पूरा परिवार पटाखे बनाने का काम करता था, जांच जारी है।" pic.twitter.com/TGZbR6apqE
प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस बाबत नीतीश कुमार से बात भी की। उन्होंने कहा, बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु़ड़े हालातों पर CM नीतीश कुमार से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है, पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।