'1000 करोड़ रुपए की माचिस की डिब्बी', नए सचिवालय भवन पर बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना, देखें वीडियो
By मनाली रस्तोगी | Updated: September 10, 2022 09:56 IST2022-09-10T09:54:05+5:302022-09-10T09:56:18+5:30
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए कुर्बानी दी है और राष्ट्रनिर्माण में उनका बड़ा योगदान है।

'1000 करोड़ रुपए की माचिस की डिब्बी', नए सचिवालय भवन पर बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना, देखें वीडियो
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपए राष्ट्रीय राजधानी में नए सचिवालय भवन को बनाने में लगा दिए और बनाया क्या माचिस की डिब्बी। हर बार हवा चलने पर खिड़कियां खटकती हैं। यह उनके भ्रष्टाचार का प्रतीक है। बघेल का ये बयान भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की टिप्पणी के जवाब में सामने आया।
रायपुर पुलिस लाइन में स्थित हेलीपैड पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बघेल ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष राज्य में कांग्रेस सरकार के विकास मॉडल का अध्ययन करने के लिए छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी यहां हमारे राज्य मॉडल को सीखने आती है। हमारी योजनाओं को केंद्र ने अपनाया है। भाजपा अकेले नहीं लड़ती, ईडी, आईटी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।
बघेल ने कहा कि भाजपा स्वयं वंशवाद की राजनीति से ग्रस्त है। वंशवाद की राजनीति पर नड्डा की टिप्पणी के संबंध में सवाल करने पर बघेल ने कहा, वह परिवारवाद के बारे में बिल्कुल सही कह रहे थे। बस्तर से भाजपा के दिवंगत नेता बलिराम कश्यप के बेटे दिनेश कश्यप (पूर्व सांसद) और केदार कश्यप (पूर्व विधायक और मंत्री), पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके बेटे पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भाजपा में वंशवाद के उदाहरण हैं। फिर राजनाथ सिंह और उनके बेटे, अमित शाह और उनके बेटे और वसुंधरा राजे सिंधिया, उनके बेटे और उनके भतीजे। परिवारवाद तो उनके यहां है।
#WATCH | Chhattisgarh: They (BJP) spent 1000s of crores & made a secretariat similar to a matchbox whose windows rattle each time a breeze flows: CM Bhupesh Baghel on JP Nadda's statement that he did not see any development in New Raipur pic.twitter.com/3jsVrgHNaA
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) September 9, 2022
इससे पहले शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रायपुर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो किया और कहा कि 'भूपेश बघेल जैसे लोग विकास के खिलाफ हैं और केवल कांग्रेस का खजाना भरना चाहते हैं।' हमारे आदिवासी भाई यहां मारे गए और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केरल में राहुल गांधी के साथ थे।