BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने जोधा-अकबर को लेकर दिया विवादित भाषण, राजपूत समाज नाराज, मांगी माफी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: September 28, 2021 13:19 IST2021-09-28T13:05:55+5:302021-09-28T13:19:35+5:30
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के अनुसार जोधा और अकबर के बीच कभी प्रेम नहीं था जिन लुटेरों ने सत्ता के लालच में अपनी बेटी को कुर्बान कर दिया। ऐसे लुटेरों से सावधान रहें।

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा
मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने जोधा-अकबर को लेकर विवादित टिप्पणी की है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा "जोधाबाई से रिश्ता किसने किया था। कोई आई लव यू नहीं था। जोधाबाई और अकबर में क्या था..था? लव था? मोहब्बत थी? कॉलेज में साथ पढ़े थे? कहीं मिले थे? कॉफी हाउस में? जिम में? जब लोग सत्ता के लोभी हो जाएं और सत्ता को चाहने के लिए बेटी को दांव पर लगा दें ऐसे लुटेरों से भी सावधान रहो, जो तुम्हारे हैं और धर्म को धोखा दे सकते हैं।"
राजपूत के टुकड़ों पर पलने वाले नमक हराम आज हम ही ज्ञान दे रहे #Bjp_Rgainst_Rajputs@rameshwar4111pic.twitter.com/Pbk4iQG7wC
— Vishal Pundir (@itspundir) September 28, 2021
सागर जिले में एक कार्यक्रम के दौरान हिंदुत्व पर अपना भाषण देते हुए भाजपा विधायक ने यह विवादित भाषण दिया है। वहीं जब विधायक साहब ये बोल रहे थे तो भाषण सुन रही जनता हंस रही थी। भाषण देते हुए रामेश्वर शर्मा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वहीं उनके इस भाषण को लेकर उनकी काफी किरकिरी हो रही है। साथ ही राजपूत समाज रामेश्वर के इस भाषण से काफी नाराज है। मामला बढ़ता देख विधायक की ओर से बयान जारी कर माफी मांग ली गई है। विधायक ने कहा कि अगर उनके वक्तव्य से किसी को ठेस पहुंची हो तो वो माफी मांगते हैं। अपने माफीनाम में उन्होंने राजपूतों की शान में कसीदे गढ़ दिए।
उन्होंने कहा- राजपूत समाज हिन्दुत्व का रक्षक रहा है। आदिकाल से आज तक क्षत्रिय वीरों की गाथाएं देश को गौरान्वित करती रही हैं। मैं राजेश्वर शर्मा हिन्दुत्व रक्षक महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान की वीर गाथाओं का गौरवगान करता रहा हूं। इतिहास में भले ही अकबर को महान बताया गया हो, लेकिन मेरे लिए अकबर नहीं महाराणा प्रताप महान है।
उन्होंने अपनी सफाई में कहा है कि चालाक मुगलों की फूट-नीति का वर्णन कर रहा था राजपूत समाज को ठेस पहुंचाना मेरा मकसद नहीं था। उन्होंने आगे लिखा, "यदि मेरे किसी भी शब्द से राजपूत हिन्दू भाई किंचित मात्र भी ठेस पहुंची है तो आपका भाई राजेश्वर शर्मा 100 बार आपके सामने झुकने के लिए तैयार है और आपसे इस हेतु क्षमा चाहता है।" आपको बता दें कि भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं।