Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह काराकाट लोक सभा से चुनाव हारने के बाद अब विधानसभा चुनाव में अपना दम दिखाएंगे। पवन सिंह शाहाबाद के किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अब मैं विधानसभा चुनाव जरूर लड़ूंगा।
हालांकि, वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, इस पर अभी कोई खुलासा नहीं किया। जब भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि थोड़ा समय नजदीक आने दीजिए, सब कुछ पता चल जाएगा।
सूत्रों के अनुसार पवन सिंह के विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भाजपा से उनकी नजदीकियों की चर्चा जोरों पर है। पवन सिंह लगातार भाजपा नेताओं के संपर्क में बने हुए हैं। वह इंटरनेट मीडिया के जरिए भाजपा नेताओं को उनके जन्मदिन पर लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इसका ताजा उदाहरण 2 फरवरी को देखने को मिला, जब उन्होंने भाजपा नेता और आजमगढ़ के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव (निरहुआ) को जन्मदिन की बधाई दी। इधर, भाजपा के टिकट मिलने की संभावना पर चर्चा छिड़ी तो बिहार भाजपा के नेताओं ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से मीडियाकर्मियों ने सवाल पूछा कि क्या पवन सिंह भाजपा के संपर्क में हैं? इसपर दिलीप जायसवाल ने कहा कि मैं सबका साथ लेकर पार्टी चलाने वाला आदमी हूं। जो आदमी भाजपा के विचारधारा के साथ जुड़कर काम करने और उस माहौल को आगे बढ़ाने का करेगा, हम उसपर विचार करेंगे।
वहीं, भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने पवन सिंह के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना पर कहा कि कोई भी कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। लेकिन पार्टी उसे टिकट देगी या नहीं, ये तो पार्टी की शीर्ष नेतृत्व ही तय करेगी।
उन्होंने कहा कि वो एक लोकगायक हैं और पार्टी में पहले भी थे। अगर वो भाजपा में आते हैं तो पार्टी को मजबूती ही मिलेगी। बता दें कि लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, जिसका नुकसान एनडीए को हुआ और उस सीट पर उपेंद्र कुशवाहा बुरी तरह पिछड़कर हारे।
इस बीच पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों पति-पत्नी राजनीति में किस भूमिका में नजर आते हैं।