वरिष्ठ कवि और लेखक भारत यायावर नहीं रहे
By विनीत कुमार | Updated: October 22, 2021 21:52 IST2021-10-22T19:23:12+5:302021-10-22T21:52:33+5:30

भारत यायावर का निधन (फोटो- फेसबुक)
हजारीबाग: जाने-माने हिंदी साहित्यकार और वरिष्ठ कवि भारत यायावर का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 66 साल के थे। फणीश्वरनाथ रेणु पर उनका शोध काफी चर्चा में रहा था।
उन्होंने फणीश्वरनाथ रेणु की खोई हुई और दुर्लभ 8 पुस्तकों का संपादन भी किया था। इन्होंने हाल में रेणु एक जीवनी भी लिखी थी। इसका दूसरा भाग भी आने वाला था। इसके अलावा महावीर प्रसाद द्विवेदी पर किए उनका काम भी चर्चा में रहा। भारत यायावर की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। भारत यायावर के पुत्र ने निधन की जानकारी दी।
झारखंड में हजारीबाग के रहने वाले यायावर का जन्म 29 नवंबर, 1954 को हुआ था। उनके कई कविता संग्रह जैसे ‘झेलते हुए’ और ‘मैं यहां हूं’ आदि बहुत चर्चित रहे हैं। भारत यायावर को ‘नागार्जुन पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया गया था।
भारत यायावर हजारीबाग के विनोवा भावे विश्वविद्यालय में हिंदी के प्राध्यापक भी रहे। एक ही परिवेश (1979), झेलते हुए (1980) बेचैनी (1990), हाल-बेहाल (2004) जैसे उनके प्रसिद्ध कविता-संग्रह हैं।