मुंबई में ट्रक से टकराई बेस्ट की बस, आठ घायल

By भाषा | Updated: October 27, 2021 18:47 IST2021-10-27T18:47:45+5:302021-10-27T18:47:45+5:30

BEST bus collides with truck in Mumbai, eight injured | मुंबई में ट्रक से टकराई बेस्ट की बस, आठ घायल

मुंबई में ट्रक से टकराई बेस्ट की बस, आठ घायल

मुंबई, 27 अक्टूबर मुंबई के दादर इलाके में बुधवार को बेस्ट की एक बस ने पीछे से ट्रक (डंपर) में टक्कर मार दी और इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका(बीएमसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घायलों में तीन महिला यात्री और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) उपक्रम द्वारा संचालित बस का चालक और कंडक्टर (संवाहक) भी शामिल है।

यह घटना आज सुबह उस समय हुई जब बस (रूट नंबर 22) मरोल से दक्षिण मुंबई के पाइधोनी जा रही थी।

सीसीटीवी फुटेज में बेस्ट की बस सुबह करीब सात बजकर 15 मिनट पर डॉ बाबासाहेब अंबेडकर रोड पर एक डंपर को पीछे से टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के दरवाजे पर खड़ा एक यात्री सड़क पर आ गिरा जबकि अन्य यात्री भी गिर पड़े।

इस बीच, अधिकारी ने कहा कि सभी आठ घायल यात्रियों को बीएमसी द्वारा संचालित सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि बस चालक, परिचालक और तीन यात्रियों सहित पांच घायलों की हालत गंभीर है, जबकि अन्य तीन की हालत स्थिर है।

बेस्ट के प्रवक्ता मनोज वाराडे ने इस हादसे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: BEST bus collides with truck in Mumbai, eight injured

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे