बंगाल: रैली निकालने से रोकने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

By भाषा | Updated: November 8, 2021 15:45 IST2021-11-08T15:45:04+5:302021-11-08T15:45:04+5:30

Bengal: BJP workers clash with police for stopping them from taking out a rally | बंगाल: रैली निकालने से रोकने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

बंगाल: रैली निकालने से रोकने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

कोलकाता, आठ नवंबर पेट्रोल व डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) में कटौती की मांग करते हुए एक रैली निकालने की कोशिश कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ यहां सोमवार को झड़प हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भगवा पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को झड़प के दौरान हिरासत में ले लिया गया।

भाजपा ने रविवार को कहा था कि ईंधन पर उत्पाद शुल्क में कटौती करने के केंद्र के कदम की तर्ज पर यदि राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल पर वैट नहीं घटाएगी तो वह सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेगी।

सेंट्रल एवेन्यू में प्रदेश भाजपा मुख्यालय से एसप्लांडे में मेट्रो स्टेशन तक मार्च किया जाना था।

सुबह से ही, पुलिस ने भाजपा कार्यालय के बाहर अवरोधक लगा दिये थे ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं को रैली करने से रोका जा सके।

भगवा पार्टी के कार्यकर्ता मार्च शुरू करने ही वाले थे कि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।

प्रदेश भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘‘जब भी भाजपा ने रैली निकालने का फैसला किया, कोविड नियमों का हवाला दिया गया। हालांकि, कुछ दिन पहले जब तृणमूल कांग्रेस ने ईंधन की कीमतों को लेकर केंद्र के खिलाफ इसी तरह की रैली निकाली तो कोविड के नियम लागू होते नहीं दिखे। ऐसा लगता है कि तृणमूल कांग्रेस, भाजपा से भयभीत है और इसी कारण वह हमें रैली निकालने से रोकने की कोशिश कर रही है।’’

उनकी बातों का समर्थन करते हुए राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पार्टी किसी भी कीमत पर रैली निकालेगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Bengal: BJP workers clash with police for stopping them from taking out a rally

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे