बारामती विमान दुर्घटना: अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव को 9 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, वीडियो

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 29, 2026 16:20 IST2026-01-29T16:19:59+5:302026-01-29T16:20:56+5:30

विमान दुर्घटना के बाद उनकी पत्नी और दो बच्चों समेत उनका परिवार बारामती पहुंचा। परिजन ने उनके शव की पहचान की और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

Baramati plane crash Ajit Pawar personal security officer Vidip Jadhav cremated his 9-year-old son video Satara | बारामती विमान दुर्घटना: अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव को 9 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, वीडियो

file photo

Highlightsपरिजन, स्थानीय लोगों, पुलिस और सरकारी अधिकारियों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।वितावा निवासी जाधव मुंबई पुलिस की विशेष सुरक्षा इकाई में तैनात थे।

मुंबईः महाराष्ट्र के बारामती में हुई विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव का अंतिम संस्कार बुधवार देर रात सतारा जिले में उनके पैतृक स्थान पर किया गया। पुणे जिले के बारामती में बुधवार सुबह ‘लियरजेट 45’ विमान हवाई पट्टी पर उतरने के दूसरे प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी एवं मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कांस्टेबल जाधव समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई थी। जाधव के पार्थिव शरीर को रात करीब साढ़े आठ बजे सतारा के फलटण स्थित उनके पैतृक गांव तारादगांव ले जाया गया। वहां आधी रात के बाद उनके परिजन, स्थानीय लोगों, पुलिस और सरकारी अधिकारियों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

यहां एक अधिकारी ने बताया कि लोणंद थाने के कर्मियों ने दिवंगत कांस्टेबल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुंबई पुलिस के कांस्टेबल विदिप जाधव के असामयिक निधन से मैं बहुत दुखी हूं। ड्यूटी के दौरान विमान दुर्घटना में उनकी जान चली गई। उनकी मृत्यु से मुंबई पुलिस बल ने एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ सिपाही को खो दिया है। मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

ठाणे शहर के वितावा निवासी जाधव मुंबई पुलिस की विशेष सुरक्षा इकाई में तैनात थे। वह बुधवार सुबह अजित पवार के साथ मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। विमान दुर्घटना के बाद उनकी पत्नी और दो बच्चों समेत उनका परिवार बारामती पहुंचा। परिजन ने उनके शव की पहचान की और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।


बारामती विमान दुर्घटना में मारे गए सुरक्षा अधिकारी जाधव के मिलनसार स्वभाव को पड़ोसियों ने याद किया

महाराष्ट्र में ठाणे के कलवा इलाके के वितावा मोहल्ले में उस समय सदमे और शोक की लहर फैल गई जब यह सनसनीखेज खबर आई कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप जाधव बुधवार सुबह बारामती में हुए विमान दुर्घटना में मारे गए पांच लोगों में शामिल थे।

पवार को ले जा रहा विमान सुबह 8:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा। वितावा में लंबे समय से रह रहे जाधव के परिवार में उनके माता-पिता, 14-वर्षीय बेटी और नौ-वर्षीय बेटा है। हादसा होने के समय उनके माता-पिता अपने पैतृक गांव में थे। इस घटना के बाद उनका परिवार तुरंत बरामती के लिए रवाना हो गया।

कृष्णा विहार जाने वाली गली में स्थित जाधव के घर के आसपास रहने वाले लोग उनके अचानक निधन से स्तब्ध थे। पड़ोसी अति सम्मानित और स्नेही जाधव की मौत को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। एक पड़ोसी ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें सुबह करीब 6:30 बजे काम पर जाते देखा था। लगभग दो घंटे बाद ही हमें पता चला कि वह अब इस दुनिया में नहीं रहे।

मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा।’’ जाधव को लगभग तीन दशकों से जानने वाले एक अन्य पड़ोसी ने बुधवार सुबह की अपनी आखिरी मुलाकात को याद करते हुए कहा, ‘‘ड्यूटी पर जाते समय उन्होंने हमेशा की तरह दोस्ताना अंदाज में हाथ हिलाया। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि हम उन्हें आखिरी बार देख रहे हैं।’’ 

Web Title: Baramati plane crash Ajit Pawar personal security officer Vidip Jadhav cremated his 9-year-old son video Satara

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे