लाइव न्यूज़ :

बदायूं की घटना की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के अधीन जांच हो : कांग्रेस

By भाषा | Updated: January 6, 2021 18:33 IST

Open in App

नयी दिल्ली, छह जनवरी कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक महिला की कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या किए जाने के मामले को लेकर बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश के अधीन इस मामले की जांच होनी चाहिए।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा पर सरकार की नीयत में खोट है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हाथरस में सरकारी अमले ने शुरुआत में फरियादी की नहीं सुनी, सरकार ने अफसरों को बचाया और आवाज को दबाया। बदायूं में थानेदार ने फरियादी की नहीं सुनी, घटनास्थल का मुआयना तक नहीं किया। महिला सुरक्षा पर उप्र सरकार की नीयत में खोट है।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला किया और सवाल किया कि आखिर योगी आदित्यनाथ सरकार कब जागेगी?

उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘वीभत्स, जघन्य, मानवता हुई शर्मसार! कितनी और निर्भया? कितनी और हैवानियत? कब जागेगी आदित्यनाथ सरकार? कहां हैं हमारे सजग पत्रकार?’’

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन्नाव, हाथरस की घटनाओं की तरह बदायूं में भी पुलिस और प्रशासन विफल रहा है तथा आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहा है। यह बहुत गंभीर विषय है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। अपराधियों में किसी तरह का खौफ नहीं है।’’

अलका ने सवाल किया, ‘‘इसकी जांच होनी चाहिए कि मुख्य आरोपी अब तक फरार क्यों है? क्या भाजपा के लोग उसे बचा रहे हैं?’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि इस मामले में 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की जाए। त्वरित अदालत में मुकदमा चलाया जाए और दोषियों को सजा दी जाए। पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश के अधीन करवाई जाए। पीड़ित परिवार को कानूनी मदद के साथ 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल खुद एक महिला हैं। मुझे समझ नहीं आया कि उनकी टिप्पणी इस पर क्यों नहीं आई? केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से भी उम्मीद है कि वह उन्नाव और हाथरस की तरह इस बार चुप नहीं रहेंगी। वह बोलेंगी और न्याय दिलाने की कोशिश करेंगी।’’

गौरतलब है कि बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बुधवार को बताया कि गत रविवार को उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर गयी 50 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है और उसके गुप्तांग में चोट के निशान तथा पैर की हड्डी टूटी पाई गई है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारGold Rate Today: 6 अप्रैल 2026 को सोना हुआ सस्ता, 24 कैरेट सोने की कीमत ₹ 1,51,765 प्रति 10 ग्राम

ज़रा हटकेचाचा जी, मुझे बचा लो?, 4 साल की लड़की को जंजीर से बांधकर पूर्व सैनिक ने पीटा

क्रिकेट3 मैच में 6-7 और 9 रन?, आरआर से सीएसके में लौटे सैमसन का बल्ला नहीं चला, कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा- माहौल में ढल रहे और जल्द रन बरसाएंगे?

क्राइम अलर्टइंस्टाग्राम पर दोस्ती, 25 साल की महिला ने 16 वर्षीय लड़के को होटल बुलाया और सेक्स करने से कहा, मना किया तो आरोपी महिला ने बलात्कार किया?

भारतरामअवतार जग्गी हत्याः अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा

भारत अधिक खबरें

भारतबीजेपी 47वां स्थापना दिवस समारोहः करोड़ों कार्यकर्ता को बधाई, हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं?, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा-भावुक पोस्ट, वीडियो

भारतBaramati Bypoll 2026: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती उपचुनाव में महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से टक्कर?

भारतअसम की जनता ने इस बार दो काम पक्के किए?, पीएम मोदी बोले- एनडीए की हैट्रिक और कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार की हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड?

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?

भारतमुंबई में IIMCAA कनेक्शन्स मीट, फिल्म निर्माता मनोज मौर्य की सिल्वर जुबली सम्मान से सम्मानित