लाइव न्यूज़ :

भारत के खिलाफ काम करने वाले आतंकवादी समूहों को स्थान नहीं देने के बांग्लादेश के प्रयासों से वाकिफ हैं: नरवणे

By भाषा | Updated: November 24, 2021 15:36 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 24 नवंबर सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने कहा कि भारत के खिलाफ विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने वाले आतंकवादी समूहों को जगह देने से इनकार करने की बांग्लादेश की कोशिशों से भारत वाकिफ है।

भारत-बांग्लादेश के बीच संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर बुधवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में सेना प्रमुख जनरल नरवणे ने अपने पहले से रिकॉर्ड किए गए भाषण में कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच के ‘‘ऐतिहासिक भूमि सीमा समझौते (एलबीए)’’ ने यह दिखाया कि सीमा से जुड़े मुद्दे को किस तरह ‘‘सकारात्मक नजरिए और परस्पर संवाद’’ के जरिए सुलझाया जा सकता है।

नरवणे ने किसी देश का नाम लिए बगैर कहा ‘‘वह भी ऐसे समय जब ‘कुछ देश’ अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानूनों का उल्लंघन करके, अन्य देशों की क्षेत्रीय अखंडता की पूर्ण अवहेलना करके यथास्थिति को बलपूर्वक बदलने का प्रयास कर रहे हैं।’’

सेना प्रमुख ने कहा कि एलबीए का सार है नियम आधारित व्यवस्था के प्रति परस्पर सम्मान, परस्पर विश्वास और परस्पर प्रतिबद्धता। उन्होंने जोर देकर कहा कि करीब चार हजार किलोमीटर लंबी जमीनी सीमा के साथ दोनों देश भारतीय उपमहाद्वीप में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक स्थान साझा करते हैं।

भारत और बांग्लादेश ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाईयों पर ले जाते हुए 2015 में एक पुराने जमीनी सीमा विवाद को सुलझाने के लिए एक ऐतिहासिक समझौते को अमलीजामा पहनाया था और द्विपक्षीय संबंधों में तनाव के एक प्रमुख कारक को दूर कर दिया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2015 में ढाका के अपने पहले दौरे पर गए थे जब दोनों पक्षों ने एलबीए से संबंधित दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया था जिससे 1974 में हुए समझौते के क्रियान्वयन की राह खुली थी। सीमा विवाद को सुलझाने के लिए समझौता तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान ने किया था।

बुधवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुए इस कार्यक्रम की मेजबानी दिल्ली के सेंटर फॉर लैंड वारफेयर स्टडीज ने की। इसमें नरवणे का पहले से रिकॉर्ड किया गया संबोधन चलाया गया जिसमें उन्होंने कहा कि बांग्लादेश का आतंकवाद निरोधी रूख ‘‘आतंकवाद के सभी रूपों का मुकाबला करने के भारत के संकल्प’’ के अनुरूप है।

नरवणे ने कहा, ‘‘भारत के खिलाफ विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने वाले आतंकवादी समूहों को स्थान नहीं देने के बांग्लादेश के प्रयासों से हम वाकिफ हैं।’’ उन्होंने कहा कि बदले में भारत, बांग्लादेश के हितों को कमतर करने के लिए भारतीय जमीन का इस्तेमाल करने से ‘‘किसी भी आतंकवाद संगठन’’ को रोकने का काम करता रहेगा।

इस कार्यक्रम में बांग्लादेश के उच्चायुक्त मोहम्मद इमरान, बांग्लादेश के पूर्व सेना प्रमुख हारून-अर-राशिद, 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध में योगदान देने वाले भारतीय सैन्य बलों के कुछ सेवानिवृत्त अधिकारी और वरिष्ठ रक्षा अधिकारी शामिल हुए।

सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘भारत और बांग्लादेश ने बीते पांच दशक में लंबा रास्ता तय किया है और हमारे बीच की मित्रता समय की कसौटी पर खरी उतरी है।’’ उन्होंने कहा कि पड़ोसी होने के नाते भारत और बांग्लादेश साझा संस्कृति, इतिहास, अवसरों और प्रारब्ध के साथ, एक साथ बढ़ते रहेंगे।

नरवणे बाद में समारोह में पहुंचे और उन्होंने ‘‘बांग्लादेश लिबरेशन @ 50 वर्ष: ‘बिजय’ विद सिनर्जी, इंडिया-पाकिस्तान वॉर 1971’’ नाम की नई किताब का विमोचन किया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos