लाइव न्यूज़ :

कर्नाटक के मुख्यमंत्री को बदलने का संकेत देने वाला ऑडियो क्लिप वायरल, कतील ने क्लिप को बताया फर्जी

By भाषा | Updated: July 19, 2021 14:49 IST

Open in App

बेंगलुरु, 19 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने उस ऑडियो क्लिप को फर्जी बताया है, जिसमें राज्य में नेतृत्व में संभावित बदलाव की बात की गई है।

यह ऑडियो क्लिप वायरल हो जाने से कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा (78) को बदले जाने की अटकलें फिर से लगने लगी हैं। येदियुरप्पा के कार्यकाल के 26 जुलाई को दो साल पूरे हो जाएंगे। येदियुरप्पा पिछले सप्ताह दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। येदियुरप्पा के दिल्ली जाने के कारण अटकलें लगने लगी थीं कि नेतृत्व में परिवर्तन किया जा सकता है।

येदियुरप्पा ने दिल्ली से लौटने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने की अटकलों को बेबुनियाद बताया था। हालांकि रविवार को ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद फिर से इन अटकलों को बल मिला है।

कतील ने इस क्लिप को फर्जी बताते हुए उसमें उनकी आवाज नहीं होने बात कही थी। कतील ने ऑडियो क्लिप की जांच की मांग की है। ऑडियो क्लिप में येदियुरप्पा के नाम के उल्लेख के बगैर सुनाई दे रहा है, ‘‘किसी को बताना मत... मंत्रियों ईश्वरप्पा, जगदीश शेट्टार की पूरी टीम हटाई जाएगी। हम नई टीम बना रहे हैं...।’’

क्लिप में सुनाई दे रहा है, ‘‘(मुख्यमंत्री पद के लिए) तीन नाम हैं, लेकिन उन पर विचार नहीं किया जाएगा। उनका चयन दिल्ली से किया जाएगा।’’

भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरप्पा वर्तमान में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शेट्टार येदियुरप्पा कैबिनेट में उद्योग मंत्री हैं।

कतील ने मंगलुरु में कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनसे पूरी जांच कराने की अपील करूंगा। जांच के जरिए सच सामने आने दीजिए। राजनीति में पहले भी इस प्रकार की कई घटनाएं हुई हैं। यह सही नहीं है। जांच होने दीजिए।’’

उन्होंने दोहराया कि नेतृत्व में या पार्टी में किसी अन्य बदलाव को लेकर कोई बात नहीं हुई और इस प्रकार की चर्चा करना ‘‘अप्रासंगिक’’ है।

कतील ने कहा, ‘‘येदियुरप्पा हमारी पार्टी की आत्मा हैं, वह अपने सर्वसम्मत नेता है और हम सभी के वरिष्ठ हैं। उन्होंने कई साल के संघर्ष के बाद पार्टी को इस स्तर पर पहुंचाया है। उनके अलावा ईश्वरप्पा और जगदीश शेट्टार दो आंखों की तरह हैं। पार्टी और सरकार इन वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में काम करेगी।’’

उन्होंने कहा कि वह इस ऑडियो क्लिप के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराएंगे और सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी। यह पूछे जाने पर कि क्या ऑडियो टेप में सुनाई दे रही आवाज उनकी आवाज से मिलती है, उन्होंने कहा, ‘‘मेरा इससे कोई लेना देना नहीं है। जांच के जरिए सच सामने आने दीजिए। मैं मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच की मांग करूंगा। मैं जांच में सहयोग करूंगा।’’

दिल्ली से आने के बाद येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा था, ‘‘अब तक किसी ने मुझसे इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा है। अगर ऐसी कोई खबर है, तो इसका कोई आधार नहीं है।’’ येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को अपने कार्यालय में दो साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह