नागपुर में महिला की हत्या की कोशिश नाकाम, चार लोग गिरफ्तार
By भाषा | Updated: December 14, 2021 12:41 IST2021-12-14T12:41:25+5:302021-12-14T12:41:25+5:30

नागपुर में महिला की हत्या की कोशिश नाकाम, चार लोग गिरफ्तार
नागपुर, 14 दिसंबर महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने किराये का मकान खाली नहीं करने पर एक महिला की हत्या की साजिश को नाकाम करते हुए इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए, अपराध शाखा ने सोमवार को एक दंपति, राजा सुरेश गुंड (35) और उसकी पत्नी पूजा राजेश गुंड (25) को गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने पुलिस को बताया कि राहुल हलमारे (36) नामक व्यक्ति ने एक महिला की हत्या करने के लिए उन्हें चार लाख रुपये दिए थे।
विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस ने महिला की हत्या की साजिश रचने के आरोप में राहुल हलमारे और भूपेंद्र मोहन गिलोरकर (32) नामक एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महिला किराये का एक मकान खाली नहीं कर रही थी। इसके कारण मकान मालिक ने महिला की हत्या करने के लिए उन्हें पैसे दिए थे। पुलिस फरार चल रहे मकान मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
विज्ञप्ति के मुताबिक वाडी पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।