Assembly Elections 2024: विधानसभा चुनाव की घोषणा, एक्शन में कांग्रेस, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष, जानें कौन हैं
By सतीश कुमार सिंह | Updated: August 17, 2024 05:32 IST2024-08-17T05:31:57+5:302024-08-17T05:32:49+5:30
Assembly Elections 2024: कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के कुछ घंटों के भीतर अपनी राज्य इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता तारिक हमीद कर्रा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।

file photo
Assembly Elections 2024: विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी गई। जम्मू-कश्मीर में तीन चरण में मतदान होंगे। कांग्रेस ने संगठन में पेंच कसना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर और झारखंड को नए कांग्रेस प्रमुख मिल गए हैं। कांग्रेस ने तारिक हमीद कर्रा को जम्मू-कश्मीर इकाई का अध्यक्ष और केशव महतो कमलेश को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रमुख नियुक्त किया है। कर्रा ने जम्मू-कश्मीर में विकास रसूल वानी की जगह ली है। कमलेश ने राजेश ठाकुर की जगह ली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के लिए दो कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं।
तारा चंद और रमन भल्ला को कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस ने तत्काल प्रभाव से रामेश्वर ओरांव को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया। अब तक वह कांग्रेस कार्यसमिति में स्थाई आमंत्रित सदस्य थे और अब उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वानी को कार्य समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गया है।
निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को घोषणा की कि जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी। साल 2019 में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त किए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।
पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा से पहले राज्य के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट को कांग्रेस कार्यसमिति का सदस्य तथा आरिफ नसीम खान को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया। महाराष्ट्र और झारखंड में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
रामेश्वर उरांव को झारखंड में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। कमलेश ने राजेश ठाकुर और उरांव ने आलमगीर आलम का स्थान लिया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैयद मुजफ्फर हुसैन को प्रदेश काग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।