असम, पूर्वोत्तर को दशकों तक नजरअंदाज किया गया, दिल्ली अब दिसपुर से बहुत दूर नहीं: प्रधानमंत्री मोदी
By भाषा | Updated: February 22, 2021 13:54 IST2021-02-22T13:54:15+5:302021-02-22T13:54:15+5:30

असम, पूर्वोत्तर को दशकों तक नजरअंदाज किया गया, दिल्ली अब दिसपुर से बहुत दूर नहीं: प्रधानमंत्री मोदी
धेमाजी, 22 फरवरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता के बाद से दशकों तक भारत में सत्ता पर काबिज रहीं सरकारों पर असम और पूर्वोत्तर को नजरअंदाज करने का सोमवार को आरोप लगाया तथा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता फिर व्यक्त की।
मोदी ने पेट्रोलियम क्षेत्र में तीन बड़ी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। उन्होंने केंद्र सरकार और सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पिछले कुछ साल में उठाए गए कई कदमों के बारे में बताया और कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने 3,300 करोड़ रुपए से अधिक की कई परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करने के बाद जनसभा में कहा, ‘‘स्वतंत्रता के बाद दशकों तक देश की सत्ता पर काबिज रहे लोगों को लगता था कि दिसपुर दिल्ली से बहुत दूर है। दिल्ली अब दूर नहीं, आपके दरवाजे पर है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने असम के नॉर्थ बैंक के प्रति ‘सौतेली मां’ की तरह व्यवहार किया और संपर्क सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उद्योग को नजरअंदाज किया।
मोदी ने कहा कि वह असम और अन्य चुनाव वाले राज्यों में चुनाव की घोषणा से पहले अधिक से अधिक बार दौरा करेंगे। चुनावों की घोषणा संभवत: मार्च के पहले सप्ताह में होगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।