असम: भागने की कोशिश कर रहा मादक पदार्थों का तस्कर पुलिस गोलीबारी में घायल हुआ
By भाषा | Updated: August 5, 2021 14:47 IST2021-08-05T14:47:23+5:302021-08-05T14:47:23+5:30

असम: भागने की कोशिश कर रहा मादक पदार्थों का तस्कर पुलिस गोलीबारी में घायल हुआ
दीफू(असम), पांच अगस्त असम के कार्बी आंगलोंग जिले में पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहे मादक पदार्थों के एक तस्कर पर पुलिस ने गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना असम-नगालैंड सीमा के पास हुई।
उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस के एक दल ने दो अगस्त को दो मादक तस्करों को गिरफ्तार किया था और सात लाख रुपये मूल्य की हेरोइन तथा एक वाहन जब्त किया था।
अधिकारी ने बताया कि दोनों को जिले के धनसिरी थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। इसके अगले दिन पुलिस उन्हें नगालैंड के दीमापुर में एक तलाश अभियान के लिए ले गई थी, तभी उनमें से एक ने भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उस पर गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। इसके बाद घायल तस्कर को दीफू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।