राहुल गांधी की जगह अशोक गहलोत हो सकते हैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जल्द होगी घोषणा
By धीरेंद्र जैन | Updated: June 20, 2019 20:01 IST2019-06-20T19:48:11+5:302019-06-20T20:01:51+5:30
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री गहलोत के नाम पर कांग्रेस पार्टी ने मुहर लगा दी है और अब किसी भी समय उनके नाम की औपचारिक घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि कांग्रेस का अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा।

राहुल गांधी के जन्मदिन पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत उन्हें शुभकामनाएं देने दिल्ली आए थे। (Image Source: Twitter/@ashokgehlot51)
लोकसभा चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा इस्तीफा दिये जाने के बाद से कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था, लेकिन अब इस पर विराम के संकेत मिले हैं और खबर है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोतराहुल गांधी के स्थान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालेंगे। उनके नाम की घोषणा जल्द ही होने की संभावना है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री गहलोत के नाम पर कांग्रेस पार्टी ने मुहर लगा दी है और अब किसी भी समय उनके नाम की औपचारिक घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि कांग्रेस का अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा।
बुधवार को राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे अध्यक्ष पद पर बने रहने का आग्रह किया था लेकिन राहुल अब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नहीं बने रहना चाहते और उन्होंने पूर्व में ही यह साफ कर दिया था कि प्रियंका गांधी के नाम पर अध्यक्ष पद के लिए विचार नहीं होगा। इसके पीछे कांग्रेस की मंशा यह रही होगी कि विरोधी पार्टी कांग्रेस को वंशवाद के मुद्दे पर हमेशा से घेरती आई है। अशोक गहलोत के रूप में गैर गांधी परिवार का अध्यक्ष बनने से इस पर हमेशा के लिए विराम लग जाएगा।