राजस्थान में अशोक गहलोत ही कांग्रेस हैं, वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे : विधायक खंडेला
By भाषा | Updated: June 17, 2021 21:59 IST2021-06-17T21:59:30+5:302021-06-17T21:59:30+5:30

राजस्थान में अशोक गहलोत ही कांग्रेस हैं, वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे : विधायक खंडेला
जयपुर, 17 जून निर्दलीय विधायक और पूर्व केन्द्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का समर्थन करते हुए कहा कि ‘‘अशोक गहलोत ही राजस्थान की कांग्रेस हैं’’ और वो ही मुख्यमंत्री रहेंगे’।
सीकर में संवाददाताओं से बातचीत में खंडेला ने कहा, ‘‘मैंने सदैव कांग्रेस को मां कहा, उसके साथ हूं और अशोक जी गहलोत में विश्वास है। मैं कहता हूं कि अशोक गहलोत ही राजस्थान की कांग्रेस है और वो ही मुख्यमंत्री रहेंगे। मुझे आलाकमान पर पूरा विश्वास है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री गहलोत को राजस्थान की जनता बहुत चाहती है। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में उन्हें चाहने वाले लोग हैं। गहलोत राजस्थान का चहुमुखी विकास कर रहे हैं।’’
खंडेला विधानसभा क्षेत्र से 2018 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीते थे। उन्हें कांग्रेस पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिये जाने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को बहुत कुछ दिया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।