हैदराबाद: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को गुजरात के मोरबी पुल हादसे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मोरबी में जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है और गुजरात में भाजपा के कुशासन का उदाहरण देता है।"
ओवैसी ने कहा, "गुजरात में भाजपा के कुशासन के चलते कोविड के दौरान कई लोगों की जान चली गई। महंगाई है, कारोबार प्रभावित हुआ है। हम कोशिश कर रहे हैं कि अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों की आवाज और नेतृत्व हो। हम गुजरात चुनाव के लिए इन मुद्दों को उठाएंगे।" वहीं, गुजरात चुनाव की तारीखों पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने जो तारीखें दी हैं हम उसका स्वागत करते हैं। यह विधानसभा के चुनाव अच्छी तरह से और स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होंगे उसकी हम उम्मीद करते हैं।"
बता दें कि गुजरात में एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में मतदान होना है, जबकि नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। पहले चरण में राज्य में 89 सीटों पर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर चुनाव होगा। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 18 फरवरी को समाप्त हो रहा है। आयोग ने पहले चरण में 17 नवंबर तक 89 सीटों के लिए और दूसरे चरण में 93 सीटों के लिए 21 नवंबर तक उम्मीदवारी वापस लेने की अनुमति दी है।