लाइव न्यूज़ :

‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन

By भाषा | Updated: October 6, 2021 10:36 IST

Open in App

मुंबई, छह अक्टूबर भारतीय टेलीविजन के 1986 के सबसे लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक ‘‘रामायण’’ में रावण का किरदार निभाने वाले अनुभवी अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार देर शाम दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी आयु 80 वर्ष के आसपास थी।

उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने बताया कि अभिनेता लंबे समय से बीमार थे और उन्होंने उपनगर कांदिवली में अपने आवास पर रात दस बजे अंतिम सांस ली।

कौस्तुभ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उन्हें उम्र से संबंधित कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं और वह स्वस्थ नहीं थे। वह पहले अस्पताल में भी भर्ती रहे और हाल में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उनका रात करीब 10 से साढ़े 10 बजे के करीब उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।’’

उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह कांदिवली के दहाणुकर वाड़ी श्मशान घाट पर किया गया।

‘‘रामायण’’ में अरविंद त्रिवेदी के साथ काम कर रहे कलाकारों समेत कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक जताया।

इस पौराणिक धारावाहिक में सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने लिखा, ‘‘उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं...वह एक बहुत अच्छे इंसान थे।’’

‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने कहा कि वह इस खबर से बहुत दुखी हैं क्योंकि उन्होंने एक प्रिय मित्र और एक शुभचिंतक खो दिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह हम सभी के लिए बहुत दुखद खबर है। हमारे प्रिय अरविंद भाई अब हमारे साथ नहीं रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें...मैं निशब्द हूं। मैंने एक पिता तुल्य, मेरे मार्गदर्शक, शुभचिंतक और सज्जन व्यक्ति को खो दिया है।’’

अरिवंद त्रिवेदी 2002-2003 तक केंद्रीय फिल्म सत्यापन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष भी रहे।

सीबीएफसी के मौजूदा अध्यक्ष प्रसून जोशी ने भी दिवंगत अभिनेता को ट्वीटर पर श्रद्धांजलि दी। जोशी ने कहा, ‘‘आदरणीय अरविंद जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह एक अच्छे अभिनेता थे और उन्होंने कुछ वर्षों तक सीबीएफसी का मार्गदर्शन भी किया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने लिखा, ‘‘जाने माने थिएटर, टीवी और फिल्म अभिनेता अरविंद त्रिवेदी जी का दिल का दौरा पड़ने से निधन होने की खबर के बारे में जानकर दुखी हूं। उनके पूरे परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’

अरविंद त्रिवेदी ने करीब 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में अभिनय किया और उन्हें 1986 में रामानंद सागर के टीवी धारावाहिक ‘‘रामायण’’ से घर-घर में पहचान मिली। उन्होंने टीवी धारावाहिक ‘‘विक्रम और बेताल’’ (1985) और 1998 में आयी गुजराती फिल्म ‘‘देश रे जोया दादा परदेश जोया’’ में भी काम किया।

अभिनय के अलावा अरविंद त्रिवेदी 1991 में भारतीय जनता पार्टी की टिकट से साबरकांठा निर्वाचन क्षेत्र से संसद में निर्वाचित हुए और 1996 तक सांसद रहे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटएक था जो विकेट के पीछे?, जितेश शर्मा के शानदार प्रदर्शन के बाद आरसीबी ने धोनी पर किया कटाक्ष, वीडियो

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?

क्राइम अलर्टबास्केटबॉल हुप पर पुल-अप्स कर रहे थे समुद्री इंजीनियरिंग संस्थान में 20 वर्षीय कैडेट विशाल वर्मा?, बैकबोर्ड गिरने से मौत

भारतमुंबई में IIMCAA कनेक्शन्स मीट, फिल्म निर्माता मनोज मौर्य की सिल्वर जुबली सम्मान से सम्मानित

क्रिकेट3 मैच, 22 रन, 2 चौके, 1 छक्का और 19 गेंद?, टी20 विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन क्यों आईपीएल में हो रहे फेल?, सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट

भारत अधिक खबरें

भारतकौन थे डॉ. मणि छेत्री?, 106 वर्ष की आयु में निधन

भारतपश्चिम एशिया युद्धः ओमान तट के निकट ड्रोन बोट हमले में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय नाविक दीक्षित सोलंकी का शव मुंबई लाया

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल