बर्ड फ्लू के डर के बीच हिमाचल प्रदेश में करीब 500 मुर्गियां मृत पाई गईं

By भाषा | Updated: January 6, 2021 22:15 IST2021-01-06T22:15:59+5:302021-01-06T22:15:59+5:30

Around 500 chickens found dead in Himachal Pradesh amidst fear of bird flu | बर्ड फ्लू के डर के बीच हिमाचल प्रदेश में करीब 500 मुर्गियां मृत पाई गईं

बर्ड फ्लू के डर के बीच हिमाचल प्रदेश में करीब 500 मुर्गियां मृत पाई गईं

शिमला, छह जनवरी बर्ड फ्लू की दहशत के बीच हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के पास करीब 500 मुर्गियां मृत पाई गई हैं। हालांकि, यह पता नही चल पाया है कि किसने इन मृत मुर्गियों को फेंका है। राज्य के पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृत मुर्गियों के नमूने एकत्र किए गए हैं और इन्हें बर्ड फ्लू प्रोटोकॉल के तहत दफनाया गया है।

इससे पहले दिन में अधिकारियों ने बताया था कि कांगड़ा जिले में पोंग वेंटलैंड (आर्द्रभूमि) के आसपास के क्षेत्र से जीवित मुर्गियों के करीब 120 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे यह पुष्टि की जा सके कि कहीं वे बर्ड फ्लू की चपेट में तो नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि वेंटलैंड और इसके आसपास में 28 दिसंबर के बाद करीब 3,000 प्रवासी पक्षियों की मौत होने और पक्षियों में फैल रहे एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएन्जा को देखते हुए इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया।

अधिकारियों ने कहा कि अब तक यहां मुर्गियों में अस्वाभाविक मौत के मामले सामने नहीं आए हैं। हालांकि, अगर नमूनों में संक्रमण की पुष्टि होती है तो उस सूरत में झील के एक किलोमीटर की परिधि में सभी मुर्गियों को मारने की कार्रवाई करनी होगी।

साथ ही क्षेत्र के सभी व्यावसायिक मुर्गी पालन केंद्रों को संक्रमणमुक्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इस बीच, कांगड़ा के अतिरिक्त जिलाधिकारी रोहित राठौर ने बुधवार को अधिकारियों को प्रत्येक संभाग में मृत पक्षियों को दफनाने के लिए कम से कम एक सुरक्षित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Around 500 chickens found dead in Himachal Pradesh amidst fear of bird flu

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे