सोमवार को लद्दाख के गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ खूनी झड़प में भारतीय सेना के एक कर्नल सहित 20 जवान शहीद हो गए। भारतीय सेना ने जवानों के बारे में जानकारी दी है। शहीद हुए जवानों में 15 जवान बिहार रेजिमेंट से थे। इस खूनी झड़प पर घायल चार भारतीय जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बिहार रेजिमेंट -
1. कर्नल बी संतोष बाबू2. नायब सूबेदार सतनाम सिंह3. नायब सूबेदार मनदीप सिंह4. नायब सूबेदार नंदू राम सोरेन5. नायब सूबेदार दीपक सिंह6. सिपाही कुंदन कुमार7. सिपाही अमन कुमार8. सिपाही चंदन कुमार9. सिपाही गणेश हजदा10. सिपाही गणेश राम11. सिपाही केके ओझा12. सिपाही राजेश ओराव13. सिपाही सीके प्रधान14. सिपाही सुनील कुमार15. सिपाही जय किशोर सिंह
81 एमपीएससी रेजिमेंट16. हवलदार सिपाही बिपुल रॉय
पंजाब रेजिमेंट17. सिपाही गुरुतेज सिंह18. सिपाही अंकुश19. सिपाही गुरुविंदर सिंह
81 फील्ड रेजिमेंट20. हवलदार के पलानी
लद्दाख मसले पर 19 जून को सर्वदलीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-चीन सीमा पर हालात को लेकर चर्चा करने के लिए 19 जून को सर्वदलीय डिजिटल बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘भारत एवं चीन के सीमा क्षेत्रों में हालात को लेकर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जो 19 जून को अपराह्न पांच बजे होगी। इस डिजिटल बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष शामिल होंगे।’’
गलवान में सैनिकों को गंवाना बहुत परेशान करने वाला और दु:खद है: राजनाथ
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सच छुपाने का आरोप लगाया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीनी सेना के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए बुधवार को कहा कि गलवान घाटी में सैनिकों को गंवाना बहुत परेशान करने वाला और दु:खद है। सिंह ने ट्वीट किया कि भारतीय जवानों ने कर्तव्य का पालन करते हुए अदम्य साहस एवं वीरता का प्रदर्शन किया और अपनी जान न्यौछावर कर दी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश अपने सैनिकों की बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। देश इस मुश्किल समय में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमें भारत के वीरों की बहादुरी और साहस पर गर्व है।’’
कांग्रेस ने गलवान घाटी में जवानों की शहादत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में देश नहीं बल्कि अपने दल की सत्ता मात्र है। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सीमा की सच्चाई देश से छिपाती रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चीनी सेना के हमले में देश के एक उच्च सैन्य अधिकारी सहित 20 जवानों की शहादत से पूरे देश में भारी रोष और गंभीर चिंता व व्यग्रता है।
उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि लापरवाह और नाकाम सरकार अपने राजनैतिक जलसों, चुनावी लड़ाइयों, विपक्ष की सरकारें गिराने के षडयंत्रों में व्यस्त रही और सीमा की सच्चाई देश से छिपाती रही।