अरिंदम बागची को संयुक्त राष्ट्र में भारत के अगले स्थायी प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: October 16, 2023 21:29 IST2023-10-16T21:28:47+5:302023-10-16T21:29:52+5:30
1995 बैच के IFS ऑफिसर अरिंदम बागची को सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में भारत के अगले राजदूत/स्थायी प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया है।

अरिंदम बागची 1995 बैच के IFS ऑफिसर हैं
नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत का अगला स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। 1995 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी, बागची विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं।
बागची ने मार्च 2021 में प्रवक्ता के रूप में पदभार संभाला। उनका कार्यकाल घटनापूर्ण रहा क्योंकि इसमें COVID-19 महामारी, पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध, भारत द्वारा इस साल सितंबर में G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी और विभिन्न भागीदारों के साथ भारत की बढ़ती गति शामिल थी।
Arindam Bagchi appointed India's Permanent Representative to UN in Geneva
— ANI Digital (@ani_digital) October 16, 2023
Read @ANI Story | https://t.co/qwOhoXccQn#ArindamBagchi#UN#MEA#Genevapic.twitter.com/qRn4vufxKc
विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है, "अरिंदम बागची (आईएफएस:1995), वर्तमान में विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव, को संयुक्त राष्ट्र और जिनेवा में अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में भारत के अगले राजदूत/स्थायी प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया है।"
अरिंदम बागची अपनी बात को स्पष्ट और सलीके से रखने के लिए जाने जाते हैं। अब वह संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत का पक्ष रखते हुए दिखेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही पगभार ग्रहण करेंगे।