अनुराग ठाकुर का 'आप' पर तीखा हमला, बोले- "दिल्ली में 'आप' का शिक्षा मंत्री शराब घोटाले में फंसा है, पंजाब में भी कानून व्यवस्था चरमरा गई है"
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: October 22, 2022 15:19 IST2022-10-22T15:14:46+5:302022-10-22T15:19:01+5:30
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार बनने के बाद से ही हर मोर्चे पर फेल होनी शुरू हो गई है।

फाइल फोटो
चंडीगढ़: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी पर जबरदस्त हमला बोला है। अनुराग ठाकुर ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार बनने के बाद से ही हर मोर्चे पर फेल होनी शुरू हो गई है।
उन्होंने राज्य के कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आप सरकार के सत्ता में आने के बाद से पंजाब में लगातार हो रही हत्याएं इस बात का सबूत हैं कि भगवंत मान सरकार में न तो कानून का इकबाल बचा है और न अपराधियों के मन में सरकार का कोई खौफ है।
अरविंद केजरीवाल की दिल्ली सरकार और पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने पंजाब में भ्रष्टाचार के नए आयाम स्थापित किए हैं। इनके दोनों राज्य में स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचार में घिरे हैं। शिक्षा मंत्री शराब घोटाले के मुख्य आरोपी हैं।"
इसके साथ ही पंजाब में हो रही आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "पंजाब में सरकार आते ही 50 से ज्यादा लोगों की हत्या पहले 2-3 महीनों में हो गई। ये दिखाता है कि यहां की कानून व्यवस्था चरमरा गई है।"
पंजाब में सरकार आते ही 50 से ज्यादा लोगों की हत्या पहले 2-3 महीनों में हो गई। ये दिखाता है कि यहां की कानून व्यवस्था चरमरा गई है: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, चंडीगढ़ pic.twitter.com/YBbyZvhPfA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 22, 2022
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता ने जिन अपेक्षाओं के साथ आप को सरकार बनाने के लिए चुना था, वो उन अपेक्षाओं को पूरा करने की बजाय भाजपा पर हमला करने में लगे रहते हैं। पंजाब और दिल्ली का जनता आप के शासन से त्रस्त हो चुकी है लेकिन आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
मालूम हो कि गुजरात के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी वहां सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती पेश कर रही है।
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल गुजरात में लगातार कैंप कर रहे हैं और भाजपा सरकार के 27 साल के शासनकाल को फेल बताकर वोट मांग रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी आप का आरोप है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विकास को जनता से कोसों दूर रखा है।