पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका, पांच वर्तमान विधायक भाजपा में शामिल

By भाषा | Updated: March 8, 2021 23:48 IST2021-03-08T23:48:58+5:302021-03-08T23:48:58+5:30

Another blow to Trinamool Congress in West Bengal, five sitting MLAs join BJP | पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका, पांच वर्तमान विधायक भाजपा में शामिल

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका, पांच वर्तमान विधायक भाजपा में शामिल

कोलकाता, आठ मार्च तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पांच और वर्तमान विधायकों ने सोमवार को पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए। वहीं, मालदा जिला परिषद का नियंत्रण भी तृणमूल कांग्रेस के हाथों से निकल कर भाजपा के पास चला गया।

भाजपा ने 38 सदस्यीय मालदा जिला परिषद पर भी नियंत्रण कर लिया क्योंकि परिषद के 23 सदस्यों ने अपना पाला बदल लिया।

चार बार की विधायक एवं दशकों से टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की करीबी सहयोगी रहीं सोनाली गुहा और सिंगूर आंदोलन का एक प्रमुख चेहरा रहे 80 वर्षीय रवींद्रनाथ भट्टाचार्य भाजपा में शामिल हो गए। दोनों नेताओं को चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया था।

गत पांच मार्च को जारी टीएमसी उम्मीदवारों की सूची में नाम नहीं होने के बाद चार बार के विधायक 85 वर्षीय जटू लाहिरी और पहली बार विधायक बने पूर्व फुटबॉलर दीपेंदु विश्वास ने भी पाला बदल लिया।

उन्हें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष द्वारा शुभेंदु अधकारी और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय जैसे अन्य नेताओं की उपस्थिति में पार्टी के झंडे सौंपे गए।

तृणमूल कांग्रेस के एक और विधायक शीतल सरदार भी बाद में भाजपा में शामिल हो गए।

मालदा जिले की हबीबपुर सीट से टीएमसी विधायक सरला मुर्मू ने भी पाला बदल लिया। ऐसी अटकलें थीं कि वह भाजपा में शामिल हो सकती हैं क्योंकि उन्हें वह सीट नहीं मिली थी, जो वह चाहती थीं।

पार्टी ने सुबह में उनकी जगह प्रदीप बासकी के नाम की घोषणा की थी।

हाल के महीनों में मंत्रियों सहित टीएमसी के कई विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं।

भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस अब जनसमूह की पार्टी नहीं रही। यह अब परिवार संचालित पार्टी बन गई है। ईमानदार लोगों के लिए तृणमूल कांग्रेस में कोई जगह नहीं है।’’

गुहा ने कहा कि उनकी पूर्व पार्टी ने उनके बात करने की कोशिश की थी। उन्हें शुक्रवार को जारी पार्टी उम्मीदवारों की सूची में जगह नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी अब रुचि नहीं थी। मैंने तृणमूल कांग्रेस को सौ प्रतिशत से अधिक दिया। दीदी (बनर्जी) और अन्य को यह अच्छी तरह से पता है। मैं अब भाजपा के लिए भी उतना ही कार्य करूंगी।’’

इस बीच, बांग्ला अभिनेत्री तनुश्री चक्रवर्ती भी भाजपा में शामिल हुईं।

तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के पार्टी छोड़ने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए टीएमसी के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने कहा कि इससे पता चलता है कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में कोई नैतिक मूल्य नहीं है और वे केवल पदों के भूखे हैं।

राज्य में विधानसभा चुनाव 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में होंगे। मतों की गिनती 2 मई को होगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Another blow to Trinamool Congress in West Bengal, five sitting MLAs join BJP

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे