गणतंत्र दिवस पर लालकिले पर हुई हिंसा के सिलसिले में एक और गिरफ्तार
By भाषा | Updated: February 7, 2021 22:34 IST2021-02-07T22:34:05+5:302021-02-07T22:34:05+5:30

गणतंत्र दिवस पर लालकिले पर हुई हिंसा के सिलसिले में एक और गिरफ्तार
नयी दिल्ली, सात फरवरी दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर किसानों के ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा के सिलसिले में रविवार को 60 वर्षीय एक व्यक्ति को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
उसकी गिरफ्तारी के साथ ही गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी में हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस अभी तक 127 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि सुखदेव सिंह को चंडीगढ़ से अपराध शाखा की टीम ने गिरफ्तार किया, जो गणतंत्र दिवस पर हिंसा के सिलसिले में दर्ज 13 प्राथमिकियों की जांच कर रही है।
पुलिस ने इससे पहले कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों को उकसाने के लिए सिंह और तीन अन्य लोगों पर नकद इनाम की घोषणा की थी।
पुलिस ने अभिनेता दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंट सिंह के बारे में सूचना देने वालों को भी एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है जिन्होंने लाल किले पर झंडे फहराए या उस कृत्य में संलिप्त थे।
पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस पर हिंसा के सिलसिले में 127 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।