Andhra Pradesh Cabinet portfolios: पवन कल्याण को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास, अनिता वंगलपुडी गृह मंत्री होंगी, सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने विभाग बांटे
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 14, 2024 17:32 IST2024-06-14T17:22:54+5:302024-06-14T17:32:45+5:30
Andhra Pradesh Cabinet portfolios: अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए पवन कल्याण को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास, पर्यावरण, वन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग आवंटित किए गए हैं।

file photo
Andhra Pradesh Cabinet portfolios: आंध्र प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को जनसेना के प्रमुख पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री नामित किया। अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए पवन कल्याण को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास, पर्यावरण, वन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग आवंटित किए गए हैं। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश को मानव संसाधन विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग दिए गए हैं। नायडू के साथ बुधवार को 24 मंत्रियों ने शपथ ली थी। अनिता वंगलपुडी गृह मंत्री होंगी।
पी. नारायण को एक प्रमुख विभाग नगर प्रशासन आवंटित किया गया है, जो अमरावती राजधानी क्षेत्र के विकास के लिए जिम्मेदार होगा। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रथम ब्लॉक स्थित अपने कक्ष में पदभार संभाला था। नायडू ने बुधवार को केसरपल्ले में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी।
जनसेना प्रमुख और अभिनेता पवन कल्याण और नायडू के बेटे नारा लोकेश उन 24 मंत्रियों में शामिल हैं, जिन्हें नायडू मंत्रिमंडल में जगह मिली है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई थी। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं।
आंध्र प्रदेश में राजग में तेदेपा, भाजपा और जनसेना शामिल हैं। आंध्र प्रदेश में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कुल 175 विधानसभा सीट में से राजग ने 164 सीट पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया। राजग ने आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीट में से 21 पर जीत दर्ज की है।