Video: 'निकोबार से कोई वोट नहीं मिला, अब आएंगे बुरे दिन', भाजपा सांसद बिष्णु पद रे का विवादित बयान, देखें
By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: June 21, 2024 14:30 IST2024-06-21T14:28:54+5:302024-06-21T14:30:33+5:30
भाजपा सांसद बिष्णु पद रे का वीडियो लोकसभा चुनाव नतीजों के एक दिन बाद 5 जून का है जो हाल ही में सामने आया। इस वीडियो में बिष्णु पद रे केंद्र शासित प्रदेश में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित कर रहे हैं।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नवनिर्वाचित भाजपा सांसद बिष्णु पद रे (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नवनिर्वाचित भाजपा सांसद बिष्णु पद रे एक बयान के कारण विवाद में आ गए हैं। बिष्णु पद रे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह निकोबार द्वीप समूह के मतदाताओं को उन्हें वोट न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते दिख रहे हैं। हाल ही में बिहार के जद-यू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर का भी ऐसा ही एक वीडियो सामने आया था।
भाजपा सांसद बिष्णु पद रे का वीडियो लोकसभा चुनाव नतीजों के एक दिन बाद 5 जून का है जो हाल ही में सामने आया। इस वीडियो में बिष्णु पद रे केंद्र शासित प्रदेश में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित कर रहे हैं। वह कहते हैं, ''हम लोगों का काम करवाएंगे। लेकिन जिन लोगों ने हमें वोट नहीं दिया, उन्हें सोचना चाहिए। निकोबार द्वीप समूह ने मुझे कोई वोट नहीं दिया। निकोबार, सोचो अब तुम्हारे साथ क्या होने वाला है। निकोबार के नाम पर आप पैसे लेंगे, शराब पियेंगे, लेकिन वोट नहीं देंगे। सतर्क रहें, सतर्क रहें, सतर्क रहें। अब, आपके दिन बुरे हैं। आप अब अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को मूर्ख नहीं बनायेंगे। आपके दिन अब अच्छे नहीं रहेंगे।''
In a video - recorded on June 5, a day after the Lok Sabha poll results, but that came to the fore only recently - BJP MP Bishnu Pada Ray is addressing a public gathering in the Andaman and Nicobar Islands' union territory, threatening voters. @DeeptimanTY reports… pic.twitter.com/n0YfkvWC02
— The Indian Express (@IndianExpress) June 20, 2024
इससे पहले बिहार में सीतामढ़ी से नवनिर्वाचित जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर यादवों और मुसलमानों से वोट नहीं मिलने के कारण नाराज नजर आए थे। उन्होंने कहा कि वे पिछले 22 सालो से राजनीति में सक्रिय है और इस दौरान यादव और मुसलमान लोगों का उन्होंने सबसे ज्यादा काम किया। लेकिन अब वे यादव और मुसलमान का काम नहीं करेंगे। कोई अगर इस जाति का है और उनके यहां काम करवाने आता है तो आए जरूर, लेकिन चाय नाश्ता करें और वापस जाएं, मैं उनका काम नहीं करूंगा।
इस बयान के लिए उनकी काफी किरकिरी भी हुई। बाद में उन्हें सफाई भी देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी क्षेत्र के लोगों को उनकी धर्मनिरपेक्षता के बारे में मालूम है। हमेशा जातिवाद से उठकर काम किया है। उन्होंने कहा कि मुझे दूसरी पार्टी के नेताओं से धर्मनिरपेक्षता का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि सीतामढ़ी क्षेत्र के सारे लोग फिर वो किसी भी समाज और धर्म के हो, जिन्होने बीते 20-25 साल से मेरा काम देखा है।