Anant Radhika Wedding: आमंत्रण आया तो जा रहे..., विशेष विमान से परिवार संग मुंबई पहुंचे लालू यादव, उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत की शादी में करेंगे शिरकत, भाजपा ने तंज कसा

By एस पी सिन्हा | Updated: July 12, 2024 14:43 IST2024-07-12T14:42:34+5:302024-07-12T14:43:30+5:30

Anant Radhika Wedding: लालू परिवार को मुंबई ले जाने के लिए मुकेश अंबानी की तरफ से विशेष चार्टर विमान भेजे जाने की बात कही जा रही है।

Anant Radhika Wedding Lalu Yadav reached Mumbai with his family by special plane attend industrialist Mukesh Ambani's younger son Anant BJP taunted see video watch | Anant Radhika Wedding: आमंत्रण आया तो जा रहे..., विशेष विमान से परिवार संग मुंबई पहुंचे लालू यादव, उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत की शादी में करेंगे शिरकत, भाजपा ने तंज कसा

file photo

Highlightsअनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में दुनियाभर से कई मशहूर हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा कि अंबानी परिवार की तरफ से शादी में शामिल होने के लिए आमंत्रण आया था।शादी समारोह के लिए हॉलीवुड के कई सबसे बड़े नामों को आमंत्रित किया गया है।

Anant Radhika Wedding: देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी में शामिल होने के लिए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ विशेष विमान से मुंबई गए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, छोटे बेटे तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री यादव भी मुंबई गई हैं। इस शादी में देश के कई दिग्गज नेताओं को भी न्योता गया है, जिनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं। लालू परिवार को मुंबई ले जाने के लिए मुकेश अंबानी की तरफ से विशेष चार्टर विमान भेजे जाने की बात कही जा रही है।

वहीं, मुंबई रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा कि अंबानी परिवार की तरफ से शादी में शामिल होने के लिए आमंत्रण आया था, इसलिए हम लोग वहां जा रहे हैं, शुभकामनाएं हैं। बता दें कि अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में दुनियाभर से कई मशहूर हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

शादी समारोह के लिए हॉलीवुड के कई सबसे बड़े नामों को आमंत्रित किया गया है। विवाह पारंपरिक हिंदू वैदिक रीति-रिवाजों से हो रही है। विवाह 12 जुलाई को है। कार्यक्रम शनिवार 13 जुलाई को शुभ आशीर्वाद के साथ जारी रहेगा। अंतिम कार्यक्रम, मंगल उत्सव व शादी का रिसेप्शन रविवार 14 जुलाई को होगा।

लालू परिवार का मुकेश अंबानी के बेटे की शादी में शामिल होने विशेष विमान से जाने पर भाजपा ने कसा तंज

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के पूरे परिवार के साथ मुकेश अंबानी के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अंबानी के द्वारा भेजे गए चार्ट फ्लाइट पर जाने पर भाजपा ने तंज कसा है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कल तक जो लोग अडानी-अंबानी को लेकर सवाल उठाते थे, आज पूरे परिवार के साथ सजधजकर उनके ही विमान पर सवार होकर बारात जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी के शादी में जाने पर हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन जो लोग अडाणी-अंबानी पर सवाल उठाकर देश और राज्य की जनता को भ्रमित करते थे और लोगों को बरगलाते थे वह पूरे परिवार सज-धजकर बारात निकले हैं। उन्होंने कहा कि लालू परिवार को बताना चाहिए कि उनकी करनी और कथनी में समरूपता क्यों नहीं है?

बिहार की जनता आपके चेहरे को देख चुकी है। विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव हर दिन पुल के मामले में ट्वीट करते हैं, लेकिन ये पुल जो गिर रहे हैं, वह उनके पिता के पाप का ही फल था। सबको चिन्हित करवा रहे है कि कांग्रेस और राजद के शासनकाल के कितने पुल थे? सच को बताना चाहिए और लोगों को भर्माना नहीं चाहिए। सभी पुलों की मॉनिटरिंग का आदेश दे दिया गया है।

तेजस्वी यादव बिहार के पथ निर्माण मंत्री थे अगर पुलों के मेंटेनेंस की पॉलिसी लाए होते तो यह दशा नहीं होता। एनडीए की सरकार पुलों के मेंटेनेंस के लिए पॉलिसी लाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह लालू परिवार और कांग्रेस परिवार का ही पाप है। तेजस्वी यादव भवन निर्माण विभाग के मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने एक दो बैठक कर महज खानापूर्ति की। विजय सिन्हा ने तेजस्वी से सवाल किया कि वे जितने दिन विभाग के मंत्री रहते कितनी बैठक की है?

वहीं, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की उठ रही मांग पर विजय सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी पूरे देश को विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए जो भी सही कदम होगा, उठाया जाएगा। बिहार को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए जो भी पहल करना होगा किया जाएगा।

Web Title: Anant Radhika Wedding Lalu Yadav reached Mumbai with his family by special plane attend industrialist Mukesh Ambani's younger son Anant BJP taunted see video watch

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे