बिहार में चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में भाजपा, अमित शाह आज करेंगे पहली वर्चुअल रैली
By स्वाति सिंह | Updated: June 7, 2020 04:37 IST2020-06-07T04:37:19+5:302020-06-07T04:37:19+5:30
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अपनी पार्टी के लिए बिहार में पहली वर्चुअल रैली 'बिहार जनसंवाद' को संबोधित करेंगे। हालांकि यह रैली पूरी तरह से ऑनलाइन होगी और अमित शाह के साथ-साथ कार्यकर्ता भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसमें शामिल होंगे।

बिहार के लोगों के लिए रविवार को होगी शाह की ऑनलाइन रैली
पटना: भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को ऑनलाइन तरीके से बिहार के लोगों को संबोधित करेंगे। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए इसे भाजपा के चुनावी अभियान के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तमाम प्रयास में जुटी है, क्योंकि कोविड-19 महामारी के कारण किसी बड़ी राजनीतिक सभा का आयोजन नहीं हो सकता है। हालांकि, यह ऑनलाइन रैली भाजपा के एक महीने चलने वाले अभियान का हिस्सा है, जिसमें मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया जा रहा है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर यह आयोजन हो रहा है ।
संभावना है कि शाह आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर ध्यान केंद्रित रखेंगे। बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की लोजपा के साथ गठबंधन है। बिहार भाजपा के नेताओं ने कहा है कि पार्टी ने शाह के भाषण को सुनने के वास्ते अपने कार्यकर्ताओं और लोगों के लिए 72,000 से ज्यादा मतदान केंद्रों पर इंतजाम किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री @AmitShah वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से ‘बिहार जनसंवाद रैली’ को संबोधित करेंगे।
— Office of Amit Shah (@AmitShahOffice) June 6, 2020
दिनांक: 7 जून 2020
समय: शाम 4 बजे
आप इस संबोधन को https://t.co/K9BhpImSKX,https://t.co/lEfhZdt8ad और @amitshah पर लाइव देख सकते हैं। pic.twitter.com/KBVzBF0HOC
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बताया कि उनकी पार्टी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बिहार के 243 विधानसभा क्षेत्रों के कम से कम एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है और इसके अलावा लोग सोशल नेटवर्किंग साइट पर भी भाषण सुन सकते हैं। उन्होंने कहा, 'इस ऑनलाइन रैली को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हमारे डिजिटल प्रचार अभियान की शुरुआत कहा जा सकता है। गृह मंत्री की नौ जून की रैली के बाद पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा का इसी तरह का सार्वजनिक संबोधन होगा।' बिहार में इस साल नवंबर तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने 21 मई को कहा था “कोरोना वायरस संक्रमण ने दुनिया भर में जब कामकाज का तरीका बदल दिया, तब इस साल बिहार विधानसभा चुनाव भी डिजिटल तरीके से ऑनलाइन क्यों नहीं हो सकता? चुनाव आयोग अगर ऐसी व्यवस्था करता है, तो वह निष्पक्षता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित करेगा”।
उन्होंने प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद पर निशाना साधते हुए कहा था, “इसको लेकर केवल वही लोग दुराग्रही हो सकते हैं, जिन्हें ईवीएम आने के बाद से बूथ लूट कर सत्ता हथियाने के मौके मिलने बंद हो गए। गरीबों के वोट लूटकर मतपेटियों से जिन्न निकलने का दावा करने का तिलिस्म टूटने से बौखलाए लोग ऑनलाइन चुनाव प्रचार के विरुद्ध विमर्श गढ़ने में लग गए हैं।’’ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ऑनलाइन मतदान के बारे में पूछे जाने पर इसकी संभावना से इंकार कर दिया। (भाषा इनपुट के साथ )