अमरनाथ यात्रा 2026ः मार्च अंत में घोषित होगी पंजीकरण तारीख?, लंगर लगाने की आवेदन प्रक्रिया पर सवाल?

By सुरेश एस डुग्गर | Updated: March 23, 2026 14:28 IST2026-03-23T14:27:17+5:302026-03-23T14:28:16+5:30

Amarnath Yatra 2026: संगठन के प्रधान राजन गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों ने मांग की है कि अनुभवी संस्थाओं के साथ निष्पक्ष और वस्तुनिष्ठ व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

Amarnath Yatra 2026 Registration date announced end March Questions application process setting up langar? | अमरनाथ यात्रा 2026ः मार्च अंत में घोषित होगी पंजीकरण तारीख?, लंगर लगाने की आवेदन प्रक्रिया पर सवाल?

file photo

Highlightsसंगठन ने श्राइन बोर्ड से चयन के मापदंडों और मूल्यांकन प्रक्रिया को सार्वजनिक करने की मांग की है। चयन में अनुभव, सेवा रिकार्ड, क्षमता और अन्य कारकों को किस तरह शामिल किया जा रहा है। संगठन ने पहले से चली आ रही प्रक्रिया को बंद करने पर भी सवाल उठाए हैं।

जम्मूः अमरनाथ यात्रा में शिकरत की आस लगाए बैठे भक्तों के लिए यह खुशखबरी हो सकती है कि श्राइन बोर्ड यात्रा व एडवांस पंजीकरण की तिथि की घोषणा जल्द करेगा। इसी महीने के अंत में यह घोषणा होने की उम्मीद है। यह तय है कि पंजीकरण अप्रैल से शुरू होगा और पहलगाम व बालटाल के यात्रा मार्गों पर बर्फ हटाने का कार्य मई में शुरु होगा। हालांकि इस साल की अमरनाथ यात्रा के दौरान लंगर लगाने की आवेदन प्रक्रिया शुरु हो गई है पर अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गेनाइजेशन (सबलो) ने नई चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने इस प्रक्रिया पर गंभीर आपत्तियां जताते हुए पारदर्शिता और स्पष्टता की मांग की है। संगठन ने श्राइन बोर्ड से चयन के मापदंडों और मूल्यांकन प्रक्रिया को सार्वजनिक करने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि यह स्पष्ट किया जाए कि चयन में अनुभव, सेवा रिकार्ड, क्षमता और अन्य कारकों को किस तरह शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही संगठन ने पहले से चली आ रही प्रक्रिया को बंद करने पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन के अनुसार, पहले आफर इनवाइटिंग लेटर के जरिए एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट मंगाए जाते थे और एनओसी जारी की जाती थी, जो अब बंद कर दी गई है।

इसे बिना पर्याप्त कारण के बदलना उचित नहीं है। संगठन के प्रधान राजन गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों ने मांग की है कि अनुभवी संस्थाओं के साथ निष्पक्ष और वस्तुनिष्ठ व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। संगठन का यह भी कहना है कि मौजूदा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है, इसलिए इसे तुरंत वापस लेकर पुरानी स्थापित प्रक्रिया को ही जारी रखा जाए।

संगठन ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए श्राइन बोर्ड से तत्काल जवाब देने और पत्र की प्राप्ति की पुष्टि करने का आग्रह किया है। इस बीच हालांकि अमरनाथ श्राइन बोर्ड की कोशिश है कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं दी जाएं। इन सुविधाओं के तहत श्रीनगर के पंथाचौक में यात्री निवास का निर्माण कार्य भी होगा।

हालांकि पिछले साल इसे खोल दिया गया था लेकिन उस समय कुछ कार्य शेष था। जम्मू के बाहरी इलाके सिद्धड़ा में भी यात्री निवास का कार्य चल रहा है। अमरनाथ श्राइन बोर्ड की एक बैठक हो चुकी है जिसमें प्रथम पूजा की तिथि 29 जून निर्धारित की गई है लेकिन बोर्ड ने यात्रा शुरु करने व पंजीकरण की तिथि की घोषणा नहीं की थी। इसी महीने के अंत में यह फैसला हो जाएगा।

पंजीकरण को लेकर बैंकों की चार सौ से अधिक शाखाओं में एडवांस पंजीकरण, ग्रुप पंजीकरण का सारा ब्योरा उपलब्ध करवाया जाएगा। हेलिकाप्टर की सेवा व एडवांस बुकिंग को लेकर भी अभी फैसला नहीं किया गया है अलबत्ता बोर्ड ने लंगर लगाने वाले संगठनों से आवेदन जरूर मांग लिए है। यह कहा गया है कि लंगर वाले संगठन 25 मार्च तक आवेदन करें।

लंगर वालों ने आवेदन की प्रक्रिया को शुरु कर दिया है। यात्रा के दोनों मार्गों पहलगाम व बालटाल से लेकर पवित्र गुफा तक एक सौ बीस से लेकर एक सौ पच्चीस लंगर लगाए जाते है। इस वर्ष भी औसतन इतने ही लंगर होंगे जिनका फैसला अप्रैल के अंत तक होगा।

Web Title: Amarnath Yatra 2026 Registration date announced end March Questions application process setting up langar?

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे