पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद अमरिंदर सिंह की दिल्ली की पहली यात्रा

By भाषा | Updated: September 28, 2021 18:50 IST2021-09-28T18:50:27+5:302021-09-28T18:50:27+5:30

Amarinder Singh's first visit to Delhi after resigning as Chief Minister of Punjab | पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद अमरिंदर सिंह की दिल्ली की पहली यात्रा

पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद अमरिंदर सिंह की दिल्ली की पहली यात्रा

चंडीगढ़, 28 सितंबर पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के कुछ दिन बाद अमरिंदर सिंह भविष्य की अपनी रणनीति को लेकर लग रही अटकलों के बीच मंगलवार को दिल्ली पहुंचे।

सिंह द्वारा 18 सितंबर को इस्तीफा दिए जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी का उनका यह पहला दौरा है। मीडिया की कुछ खबरों में दावा किया गया कि सिंह दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं से मिल सकते हैं, जिसके बाद अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने उनकी यात्रा को लेकर स्पष्टीकरण दिया।

ठुकराल ने कहा कि सिंह निजी दौरे पर गए हैं। ठुकराल ने ट्वीट किया, ‘‘कैप्टन अमरिंदर के दिल्ली दौरे को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। वह निजी दौरे पर गए हैं। इस दौरान वह अपने कुछ दोस्तों से मिलेंगे और नए मुख्यमंत्री के लिए कपूरथला का आवास छोड़ेंगे। अनावश्यक अटकलों की कोई वजह नहीं है।’’

बाद में, चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर अमरिंदर ने कहा, ‘‘'मुझे किसी काम से जाना है जिसके लिए मैं जा रहा हूं। मुझे कपूरथला का आवास सौंपना है।’’ सिंह ने कहा कि मीडिया में अनावश्यक अटकलें लगाई जा रही हैं।

अमरिंदर के हवाई अड्डा पहुंचने से ठीक पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी भी हिमाचल प्रदेश से लौटकर एयरपोर्ट पहुंचे। कांग्रेस नेता दिल्ली जा रहे थे।

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू से टकराव के बाद अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वह ‘अपमानित’ महसूस कर रहे हैं। बाद में सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी ‘अनुभवहीन’ बताया था।

सिद्धू पर भी निशाना साधते हुए सिंह ने उन्हें ‘राष्ट्र विरोधी’ और ‘खतरनाक’ बताया और कहा था कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में सिद्धू के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतारेंगे। सिंह ने संकेत दिया था कि वह अपने राजनीतिक विकल्पों को खुला रख रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा था कि अपने भविष्य के कदमों पर निर्णय लेने से पहले वह अपने दोस्तों से बात करेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Amarinder Singh's first visit to Delhi after resigning as Chief Minister of Punjab

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे