उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा- यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय
By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: June 21, 2024 10:29 IST2024-06-21T10:27:25+5:302024-06-21T10:29:06+5:30
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा। लोकसभा चुनावो में इस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया था और इससे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष उत्साहित हैं।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा
नई दिल्ली: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा। लोकसभा चुनावो में इस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया था और इससे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष उत्साहित हैं। अजय राय ने वाराणसी में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था और कड़ी टक्कर दी थी। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अजय राय के खिलाफ 4.79 लाख वोटों से जीते थे। लेकिन इस बार अंतर घटकर 1.52 लाख वोट हो गया। अजय राय ने इसे लेकर कहा कि लोगों ने ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज कर देश के लिए वोट किया।
अयज राय ने ये बातें टाइम्स ऑफ इँडिया से बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा कि यूपी में हमने 17 में से छह सीटें जीतीं और इससे कैडर में उत्साह है। अजय राय ने चुनावों में धांधली का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष होते, तो कांग्रेस की सीटें 10 होतीं। राय ने कहा कि देवरिया, महराजगंज, कानपुर और अमरोहा में हमारे उम्मीदवारों ने कई राउंड में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम राउंड में बीजेपी उम्मीदवार ने बढ़त बना ली।
अजय राय के अनुसार दलितों के साथ ही सभी जाति समूहों के लोगों ने हम पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में, सोनकरों - जिन्हें भाजपा का पारंपरिक वोट बैंक कहा जाता है - ने मुझे वोट दिया है। पासियों और कुर्मियों ने विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में हमें वोट दिया।
अजय राय ने राम मंदिर को राजनीतिक मुद्दा बनाने के लिए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी दोनों ने आस्था का व्यवसायीकरण किया। उन्होंने कहा कि हिंदू धार्मिक हैं और अपने देवता के साथ गहरे जुड़े हुए हैं लेकिन पीएम मोदी और बीजेपी ने इसका श्रेय लेना शुरू कर दिया और इसका इस्तेमाल वोटों के लिए सौदेबाजी के लिए किया। इससे लोगों के स्वाभिमान को ठेस पहुंची।